नई दिल्ली:राजधानी दिल्ली में यमुना की बदहाली को लेकर राजनीति तेज है. दिल्ली की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी और केंद्र की सत्ता पर काबिज भाजपा आमने-सामने है. दोनों पार्टियों का एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है. इसी बीच अब कांग्रेस भी इस राजनीति में कूद गई है. दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव सोमवार को कालिंदी कुंज यमुना घाट पहुंचे और यमुना के बदहाली का जायजा लिया. इसके लिए आम आदमी पार्टी और भाजपा दोनों को जिम्मेवार ठहराया.
राजधानी दिल्ली में एक ओर प्रदूषण की मार से लोग परेशान है. वहीं यमुना भी प्रदूषित नजर आ रही है. यमुना में झाग के कारण दिल्ली में विधानसभा चुनाव के पहले राजनीति गर्म है. बीते दिनों केंद्रीय मंत्री और पूर्वी दिल्ली से सांसद हर्ष मल्होत्रा कालिंदी कुंज यमुना घाट पहुंचे थे और यमुना के इस बदहाली के लिए दिल्ली सरकार को जिम्मेदार ठहराया था.