डूंगरपुर.राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 14 फरवरी को बेणेश्वर धाम आएंगी. जहां वे राधाकृष्ण मंदिर में दर्शन के साथ ही राजीविका के लखपति दीदी सम्मेलन में भाग लेंगी. राष्ट्रपति के दौरे को लेकर डूंगरपुर जिला प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं. इधर राष्ट्रपति के दौरे को लेकर संभागीय आयुक्त नीरज के पवन व आईजी एस परिमला ने बेणेश्वर धाम पर तैयारियों का जायजा लिया. राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कल दोपहर 1.50 मिनट पर विशेष हेलीकॉप्टर से बेणेश्वर धाम आएंगी. हैलीपेड पर असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी, ग्रामीण विकास मंत्री किरोड़ीलाल मीणा, हेमंत मीणा, ओटाराम देवासी, सांसद कनकमल कटारा समेत अधिकारी उनका स्वागत करेंगे. इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू हरी मंदिर में दर्शन करेगी. महंत अच्युतानंद महाराज बेणेश्वर धाम के महत्व और आस्था के बारे में जानकारी देंगे. इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बेणेश्वर धाम पर आयोजित होने वाले लखपति दीदी सम्मेलन में हिस्सा लेंगी. वे यहां राजीविका की महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की ओर से तैयार किए उत्पादों की स्टॉल्स का निरीक्षण करेंगी.