शिमला:सीएम मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कुछ दिनों तक प्रदेश के लोगों की समस्याओं को नहीं सुन पाएंगे. धर्मशाला से 9 दिन के प्रवास के बाद शनिवार को शिमला लौटे थे, ऐसे में यहां एक दिन रुकने के बाद मुख्यमंत्री रविवार को मध्यप्रदेश के लिए रवाना हो गए हैं. वहां आज कांग्रेस संविधान अभियान शुरू करने जा रही है. जिसमें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी भाग लेंगे.
वहीं, पार्टी हाईकमान ने मुख्यमंत्री के अलावा डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को महू बुलाया है. यहां कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सांसद एवं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी मौजूद रहेंगी. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पहले शिमला से दिल्ली को रवाना हुए. इसके बाद वे दिल्ली से महू गए। जिसके बाद उनका दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए प्रचार करेंगे. ऐसे में मुख्यमंत्री अगले चार दिनों तक हिमाचल से बाहर रहेंगे. जिस कारण वे लोगों से नहीं मिल पाएंगे.
महू से लौटने के बाद दिल्ली में करेंगे प्रचार
कांग्रेस हाईकमान ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए स्टार प्रचारक बनाया है. हिमाचल से सीएम सुक्खू एकमात्र ऐसे नेता है, जिनको दिल्ली में कांग्रेस का प्रचार करने के लिए स्टार प्रचारकों की सूची में स्थान मिला है. फिलहाल मुख्यमंत्री आज महू में कांग्रेस संविधान अभियान में शामिल होंगे. इसके बाद वे दिल्ली लौटेंगे. यहां उनका 28 से 30 जनवरी तक विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए प्रचार करने का कार्यक्रम तय है. ऐसे में सीएम सुक्खू 31 जनवरी को शिमला लौट सकते हैं. बता दें कि दिल्ली विधानसभा के लिए 5 फरवरी को मतदान होना है. इसके बाद 8 फरवरी को चुनाव का परिणाम घोषित होंगे.