राजस्थान

rajasthan

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : Mar 15, 2024, 8:25 PM IST

ETV Bharat / state

डीग में दो दिवसीय ब्रज महोत्सव 19 से: इंडियन आइडल फेम सिंगर मैथिली शोम देंगी प्रस्तुति

ब्रज महोत्सव के तहत 19 व 20 मार्च को डीग व कामां में विभिन्न रंगारंग कार्यक्रम होंगे. इस दौरान डीग में इंडियन आइडल फेम सिंगर मैथिली शोम प्रस्तुति देंगी.

Braj Holi Mahotsav from March 19 to 20
डीग में दो दिवसीय ब्रज महोत्सव 19 से

सिंगर मैथिली शोम होंगी ब्रज महोत्सव की शान

डीग (भरतपुर).अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त ब्रज महोत्सव के तहत 19 व 20 मार्च को डीग व कामां में ब्रज की संस्कृति और अनूठी परंपराओं का दिग्दर्शन होगा. महोत्सव के तहत डीग में पहली बार इंडियन आइडल मैथिली शोम भी प्रस्तुति देंगी. वहीं डीग के जल महलों में प्रसिद्ध रंगीन फव्वारों की छटा बिखरेगी. शुक्रवार को महोत्सव की तैयारियों के तहत डीग कलेक्टर श्रुति भारद्वाज ने जिला कलेक्टर कार्यालय में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली.

स्वरलहरियों से सजेगी सांस्कृतिक सांझ:पर्यटन विभाग के उपनिदेशक संजय जौहरी ने बताया कि महोत्सव के दौरान डीग में पहली बार इंडियन आइडल की मशहूर गायिका मैथिली शोम प्रस्तुति देंगी. सुरीले गायकों की स्वरलहरियों के साथ ही जलमहल के 2000 रंगीन फव्वारे अलग-अलग रंग की छटा बिखेरेंगे. साथ ही राजस्थानी लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां से ब्रज महोत्सव की शाम सजाई जाएगी.

पढ़ें:Deeg Mahotsav 2023: दो दिवसीय डीग महोत्सव का शहनाई वादन के साथ हुआ आगाज, देखिये वीडियो

रोमांचक स्पर्धाओं का आकर्षण: दो दिवसीय महोत्सव में रोमांचक स्पर्धाएं आयोजित होंगी. इनमें कबड्डी एवं बोरी दौड़, रस्साकस्सी प्रतियोगिता, मटका दौड़, नींबू चम्मच दौड़ आदि प्रतियोगिताएं डीग के मेला मैदान में आयोजित की जाएंगी. वहीं डीग के जल महल में 19 मार्च को दोपहर 12 बजे मेंहदी, रंगोली एवं मूंछ प्रतियोगिता आयोजित होंगी.

पढ़ें:डीग के जल महलों में ब्रज महोत्सव का आयोजन, रंगीन फव्वारे और सांस्कृतिक कार्यक्रम बना आकर्षण का केंद्र

कामां में दूध दही एवं लड्डू होली: ब्रज महोत्सव के दूसरे दिन 20 मार्च को कामां में विभिन्न आयोजन होंगे. 20 मार्च को सुबह 5 बजे गणेश पूजन कार्यक्रम, गणेश मंदिर लाल दरवाजा कामां में आयोजित किया जाएगा. इसके बाद प्रतिवर्ष की भांति कामां के प्रमुख मंदिरों के परंपरागत कार्यक्रम जिसमें गुलाल होली, कुंज गुलाल होली, दूध दही, लड्डू होली एवं लट्ठमार होली आयोजित की जाएगी. दोपहर 2 बजे श्री गोपीनाथ जी मंदिर से श्री राधा वल्लभ जी मंदिर से राजस्थानी लोक कलाकारों की भव्य शोभायात्रा-लठठ्मार होली के साथ निकाली जाएगी. इसी दिन शाम 6 बजे विमल कुंड में महाआरती एवं दीपदान किया जाएगा. श्री गोपीनाथ जी मंदिर में होरी के रसिया गायन एवं शाम 7 बजे कोट ऊपर स्टेडियम में सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

पढ़ें:ब्रज महोत्सव में हुई लठमार होली, बारिश और तूफान के चलते नहीं निकली शोभायात्रा

शुक्रवार को बैठक में जिला कलेक्टर श्रुति भारद्वाज ने ब्रज महोत्सव के दौरान साफ-सफाई के संबंध में नगर परिषद आयुक्त को जरूरी दिशा-निर्देश दिए. महोत्सव के दौरान एंबुलेंस व अन्य स्वास्थ्य संबंधित सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सीएमएचओ को निर्देशित किया. कार्यक्रम के दौरान नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया जाएगा, जिसमें नगर परिषद, पुलिस विभाग, एएसआई एवं पर्यटन विभाग के अधिकारी शामिल रहेंगे.

ABOUT THE AUTHOR

...view details