झारखंड

jharkhand

ETV Bharat / sports

68वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता, दूसरे दिन झारखंड को दो गोल्ड, तमिलनाडु का शानदार प्रदर्शन - NATIONAL SCHOOL GAMES

रांची में आयोजित 68वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता के दूसरे दिन झारखंड को दो गोल्ड मेडल मिले.

National School Games
विजेता खिलाड़ी (ईटीवी भारत)

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : Jan 6, 2025, 9:40 PM IST

रांची:भगवान बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित 68वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता 2024-25 के अंडर 19 एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दूसरे दिन आज तमिलनाडु के खिलाड़ियों का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देखने को मिला. वहीं झारखंड को भी दो स्वर्ण पदक मिले. झारखंड के साकेत मिंज ने बालक वर्ग 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में झारखंड को जीत दिलाई तो बालिका वर्ग के लॉन्ग जंप में झारखंड की प्रीती लकड़ा ने स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का नाम रौशन किया है.

आज हुई प्रतियोगिताओ में 100 मीटर बालक वर्ग दौड़ प्रतियोगिता में तमिलनाडु के जिथीन अर्जुनन को स्वर्ण पदक मिला. इस प्रतियोगिता में महाराष्ट्र के रूद्र शिंदे को रजत और महाराष्ट्र के ही आदि पुजारी को कांस्य पदक मिला है. 500 मीटर दौड़ में उत्तर प्रदेश के शाहरुख खान को स्वर्ण पदक मिला. हरियाणा के लक्ष्य कुमार को रजत पदक और उत्तर प्रदेश के अर्जुन मौर्य को कांस्य पदक मिला है.

110 मीटर हर्डल रेस बालक वर्ग प्रतियोगिता में महाराष्ट्र के सैफ ने स्वर्ण पदक जीता है. केंद्रीय विद्यालय के पी.सूर्या को रजत पदक और तमिलनाडु के जिथीन अर्जुनन को कांस्य पदक मिला है. बालक वर्ग लॉन्ग जंप प्रतियोगिता में तमिलनाडु के जिथीन अर्जुनन को स्वर्ण पदक, सीबीएससी के मो. अट्टा साजिद को रजत पदक और उत्तर प्रदेश के शेख जीशान को कांस्य पदक मिला. इस प्रतियोगिता में झारखंड के दीपक मुंडा चौथे स्थान पर रहे.

हाई जंप बालक वर्ग प्रतियोगिता में कर्नाटक के सिनन ने स्वर्ण पदक जीता है. वहीं दिल्ली के विकास यादव को रजत पदक और हरियाणा के विनीत कुमार को कांस्य पदक मिला है. शॉट पुट पांच किलो बालक वर्ग प्रतियोगिता में ओडिशा के ओमकार प्रसाद को स्वर्ण पदक मिला, महाराष्ट्र के आर्यन को रजत पदक और पश्चिम बंगाल के मनोज रॉय को कांस्य पदक मिला है.

बालिका वर्ग 100 मीटर दौड़ में तमिलनाडु की थिया एके ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया है. गुजरात के वजा काजल को रजत और तमिलनाडु के नेदरार को कांस्य पदक मिला है. 400 मीटर बालिका वर्ग दौड प्रतियोगिता में सीबीएससी की वंशिका को स्वर्ण पदक, केरल की ज्योतिका को रजत और कर्नाटक की अभिज्ञाना को कांस्य पदक मिला. 400 मीटर बालिका वर्ग दौड़ प्रतियोगिता में झारखंड की पूनम कुमारी चौथे स्थान पर रही.

150 मीटर बालिका वर्ग रेस प्रतियोगिता में राजस्थान की मुस्कान को स्वर्ण पदक मिला है. महाराष्ट्र की प्रणाली को रजत पदक और कर्नाटक की प्रणति को कांस्य पदक मिला. 100 मीटर बालिका वर्ग हर्डल रेस में केरल की अधित्या को स्वर्ण पदक, कर्नाटक की ईशा एलिजाबेथ को रजत पदक और तमिलनाडु की बृंदा को कांस्य पदक मिला. बालिका वर्ग लॉन्ग जंप प्रतियोगिता में झारखंड की प्रीती लकड़ा को स्वर्ण पदक, केंद्रीय विद्यालय की सोनाक्षी कनौज को रजत पदक और सीएफटीआई की साधना रवि को कांस्य पदक मिला.

बालिका वर्ग तीन किलो हैमर थ्रो में ओडिशा की अंकिता मोहापात्रा ने स्वर्ण पदक जीता है. हरियाणा की दीपांशी को रजत पदक और केरल की सुहाइमा को कांस्य पदक मिला है. बालिका वर्ग 1 केजी डिस्कस थ्रो में हरियाणा की रिद्धि को स्वर्ण पदक, हरियाणा की ही मन्नत फोगाट को रजत पदक और तमिलनाडु की अनुश्री को कांस्य पदक मिला है. बालिका वर्ग 500 ग्राम जेवलिन थ्रो में हरियाणा की भव्या को स्वर्ण पदक, हरियाणा की ही भतेरी को रजत और महाराष्ट्र की ईश्वरी ढंगेरी को कांस्य पदक मिला है.

आयोजन में भाग लेने के लिए देशभर से आये खिलाड़ियों और टीम के अन्य सदस्यों के लिए भगवान बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया. सांस्कृतिक संध्या के माध्यम से खिलाड़ियों को झारखंड की लोक संस्कृति से परिचित कराया गया.

यह भी पढ़ें:

68 वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता का आगाज, देशभर से कुल 35 टीमें लेंगी हिस्सा, पूरे एक माह तक चलेंगे मुकाबले

68वें नेशनल स्कूल गेम्स के लिए सज-धज कर तैयार रांची, 5 जनवरी से 2 फरवरी तक खिलाड़ी दिखाएंगे अपना हुनर

झारखंड में 68वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता का आगाज 5 जनवरी से, खेलेगा इंडिया-जीतेगा इंडिया थीम सॉन्ग लॉन्च

ABOUT THE AUTHOR

...view details