सरायकेला: कोरोना काल और लॉकडाउन में ऑनलाइन शिक्षा छात्रों तक पहुंचाने के उद्देश्य से झारखंड शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद ने शिक्षकों को व्हाट्सएप ग्रुप और डिजी साथ ऐप के जरिए डिजिटल शैक्षणिक कार्यक्रम उपलब्ध कराएं हैं. जिससे शिक्षकों ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षा देने का बीड़ा उठाया और इसके तहत अब तक 39,315 छात्र -छात्राओं को ऑनलाइन शिक्षण कार्यक्रम से जोड़ा जा चुका है.
ये भी पढ़ें- गांवों में ग्रामीण चिकित्सकों के भरोसे जिंदगी, प्राथमिक उपचार से बचा रहे जान
सरायकेला खरसावां जिले के सभी 9 प्रखंड में ऑनलाइन शैक्षणिक कार्य की शुरुआत सरकारी स्कूलों में हो चुकी है. व्हाट्सएप ग्रुप और डिजी साथ ऐप के जरिए कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक के छात्रों का रजिस्ट्रेशन किया गया है, जिन्हें घर बैठे ऑनलाइन शिक्षा प्रदान की जा रही है. हालांकि अब तक 9वीं से 12वीं तक के छात्रों का संपूर्ण डाटा उपलब्ध नहीं है.
वही सरकारी स्कूलों में कक्षा 1 से 8 तक के कुल 1,17,670 विद्यार्थी हैं. हालांकि इनमें से केवल 3,93,151 छात्र छात्रों ने ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है. इधर शिक्षकों की ओर से स्कूली बच्चों को व्हाट्सएप ग्रुप और डीजी स्कूल ऐप से जोड़ने का कार्य जारी है. इस मुहिम में अब तक केवल 30.34% स्कूली बच्चे ही जुड़ पाए हैं.
ऑनलाइन एप से जुड़े छात्रों का आंकड़ा
प्रखंड | कुल छात्र | रजिस्ट्रेशन |
चांडिल | 16,486 | 6,534 |
गम्हरिया | 20, 502 | 5,830 |
ईचागढ | 11,524 | 7,391 |
खरसांवा | 13,425 | 2,615 |
कुचाई | 9,592 | 1,151 |
कुकडू | 6,779 | 4,897 |
नीमडीह | 10,642 | 4,524 |
राजनगर | 16, 919 | 4,405 |
सरायकेला | 11,801 | 1968 |
नेटवर्क की समस्या से नहीं जुड़ पा रहे छात्र
सरायकेला जिले के विभिन्न सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्र जो पहाड़ी इलाकों से घिरे हैं वहां नेटवर्क की स्थिति काफी दयनीय है. नतीजतन इन ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले छात्र ऑनलाइन डिजिटल पढ़ाई से नहीं जुड़ पा रहे, जबकि अधिकांश क्षेत्र में नेटवर्क न रहने के कारण ऑनलाइन क्लास भी नहीं चल पाती.