चेन्नई: तमिलनाडु के 10 मछुआरों को श्रीलंका की नौसेना ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि, मछुआरों ने मछली पकड़ते समय समुद्री सीमा लांघकर श्रीलंका में घुस आए थे. नौसेना ने मछुआरों के ट्रेलर को भी जब्त कर लिया.
खबर के मुताबिक, रामेश्वरम के थांगाचिमदम के मछुआरे रविवार (2 फरवरी) को 200 से अधिक नावों के साथ मछली पकड़ने के लिए समुद्र में गए हुए थे. वे मन्नार सीमा क्षेत्र में मछली पकड़ रहे थे. उस समय, वहां पहुंची श्रीलंकाई नौसेना ने एक ट्रॉलर को जब्त कर लिया और दस मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया. उन्हें पूछताछ के लिए मन्नार बंदरगाह क्षेत्र में ले जाया गया.
श्रीलंकाई नौसेना ने जिन 10 मछुआरों को गिरफ्तार किया है उनमें, थांगचिमदम से एबिरोन, कटरू, डिरोन, प्रसाद, मुनियासामी, शिवा, एंथनी, फैयाज, सेसु और मंडपम गांधीनगर से रवि शामिल हैं. हाल ही में, पुडुचेरी के कराईकल के मछुआरे 360 नावों के साथ मछली पकड़ने के लिए समुद्र में गए थे.
श्रीलंका के मुख्य द्वीप के पास मछली पकड़ते समय, श्रीलंकाई नौसेना ने एक ट्रॉलर को जब्त कर लिया और सीमा पार से मछली पकड़ने के आरोप में उस पर सवार 13 मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही, नौसेना ने भागने की कोशिश कर रहे दो मछुआरों पर भी गोली चलाई. इस दौरान दो मछुआरे घायल हो गए. भारत ने भारतीय मछुआरों पर श्रीलंकाई नौसेना की गोलीबारी की कड़ी निंदा की थी.
साल 2024 में, 554 भारतीय मछुआरों और 72 नावों को श्रीलंकाई नौसेना ने पकड़ लिया था. बाद में सरकार ने नावों को अपने कब्जे में ले लिया और मछुआरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की. हालांकि बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया.
ये भी पढ़ें: बांग्लादेश 95 भारतीय मछुआरों को रिहा करेगा, तीन महीने से जेल में हैं बंद