झारखंड

jharkhand

ETV Bharat / state

कमलेश पर किचकिच जारी, गठबंधन नेताओं का भाजपा पर प्रहार! - Kamlesh Singh joining BJP

पूर्व मंत्री कमलेश सिंह के भाजपा में शामिल होने पर झारखंड में राजनीति तेज हो गयी है. गठबंधन के नेताओं ने भाजपा जमकर निशाना साधा.

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : 4 hours ago

Politics in Jharkhand over former minister Kamlesh Singh joining BJP
ग्राफिक्स इमेज (Etv Bharat)

रांची: हुसैनाबाद से नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) विधायक और पूर्व मंत्री कमलेश सिंह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये हैं. इसके बाद झारखंड में इंडिया ब्लॉक के दलों ने भाजपा पर चौतरफा हमला बोल दिया है.

मधु कोड़ा सरकार में मंत्री रहे कमलेश सिंह पर आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार के गंभीर मामले का हवाला देते हुए झामुमो, कांग्रेस और राजद ने भाजपा को करप्शन की गंगोत्री करार दिया है. वहीं सत्ताधारी दलों के आरोपों को निराधार बताते हुए भाजपा प्रवक्ता ने यह कह कर पार्टी का बचाव किया है कि जब तक कोर्ट से दोष सिद्ध नहीं हो जाता तब तक कोई दोषी नहीं होता.

कमलेश सिंह के भाजपा में जाने पर राजनीतिक बयानबाजी तेज (ETV Bharat)

भाजपा भ्रष्टाचार की गंगोत्री- झामुमो

झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडेय ने करप्शन के मुद्दे पर बीजेपी पर जमकर प्रहार किया. उन्होंने कहा कि आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार के गंभीर मामले में फंसे कमलेश सिंह के भाजपा में शामिल होने पर साफ हो गया है कि अब भाजपा, भ्रष्टाचार की गंगोत्री बन गयी है. पहले व्यभिचारियों की पार्टी अब भ्रष्टाचारियों की भी पार्टी बन गयी है. पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गुजरात, असम, मध्य प्रदेश, झारखंड हर जगह भ्रष्टाचार के आरोपी और दोषी आज भाजपा में हैं. 4000 करोड़ के घोटाले के आरोपी मधु कोड़ा, भानु प्रताप शाही, हरिनारायण राय, कमलेश सिंह सब भाजपा के साथी हो गए हैं. पार्टी विथ डिफरेंट कहीं जाने वाली भाजपा अब कमजोर और इतनी मजबूर हो गयी है कि उन्हें भ्रष्टाचारियों की मदद लेनी पड़ रही है.

प्रधानमंत्री, भ्रष्टाचार पर अब बोलना बंद कर दें- कांग्रेस

कमलेश सिंह के भाजपा में शामिल होने पर झारखंड कांग्रेस ने अपनी त्वरित प्रतिक्रिया दी है. पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि झारखंड आकर प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार पर बड़ा-बड़ा भाषण देते हैं जबकि उनकी पूरी पार्टी ही भ्रष्टाचारियों की पार्टी बन गयी है. प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार पर मंच से लंबी-लंबी बातें करते हैं और उनके सांसद रात के अंधेरे में जरमुंडी में सह प्रभारी के साथ सजायाफ्ता और बेल पर छूटे पूर्व मंत्री हरिनारायण राय से मिलते हैं. भ्रष्टाचारी भाजपा में सुरक्षित महसूस करते हैं.

करप्शन में लिप्त पार्टी को भाजपा पर बोलने का हक नहीं- भाजपा

कमलेश सिंह के भाजपा में शामिल होने पर झामुमो और कांग्रेस की प्रतिक्रिया का प्रदेश भाजपा ने जवाब दिया है. भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता जेबी तुबिद ने कहा कि भ्रष्टाचार में पूरी तरह लिप्त पार्टियों के नेताओं को भाजपा पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है. राजनीतिक पार्टियां सार्वजनिक स्थल होता है, जहां कोई भी आ और जा सकता है. न्यायालय द्वारा जब तक कोई दोषी करार नहीं दिया जाता तब तक वह सिर्फ आरोपी होता है.

इसे भी पढ़ें- विरोध के बावजूद विधायक कमलेश सिंह की बीजेपी में एंट्री - MLA Kamlesh Singh

इसे भी पढ़ें- कमलेश सिंह भाजपा में शामिल हुए तो इस्तीफा देंगे कार्यकर्ता! विरोध में हुई बड़ी बैठक - OPPOSITION TO KAMLESH SINGH

इसे भी पढ़ें- भाजपा में कमलेश सिंह का विरोध! बाबूलाल ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व को नहीं है पार्टी में शामिल होने की जानकारी - BJP leaders opposed Kamlesh Singh

ABOUT THE AUTHOR

...view details