झारखंड

jharkhand

खुशखबरी: झारखंड में मानसून ने दी दस्तक, साहिबगंज-पाकुड़ के रास्ते किया राज्य में प्रवेश, होगी झमाझम बारिश! - MANSOON IN JHARKHAND

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : Jun 21, 2024, 8:41 PM IST

MANSOON IN JHARKHAND. बेतहाशा गर्मी झेल रहे झारखंड के लोगों को मानसून ने राहत दी है. झारखंड में मानसून के प्रवेश के बाद किसानों के चेहरे भी खिल गए हैं.

MANSOON IN JHARKHAND
झारखंड के आसमान में बादल (ईटीवी भारत)

रांची: इंतजार की लंबी घड़ियां खत्म हुई और 21 जून को झारखंड के संथाल क्षेत्र से दक्षिणी पश्चिमी मानसून ने झारखंड में दस्तक दे दी. मौसम केंद्र,रांची के निदेशक और वरिष्ठ मौसम पूर्वानुमान वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने मानसून के राज्य में प्रवेश की पुष्टि करते हुए उम्मीद जताई है. उनके अनुसार सभी कंडीशन फेवरेबल होने की वजह से मानसून के बादल जल्द पूरे राज्यभर में छा जायेंगे और राज्य भर में अच्छी वर्षा होगी.

27 जून तक राज्य में हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा की संभावना

मौसम केंद्र, रांची के पूर्वानुमान में बताया गया है कि 22, 25, 26 और 27 जून को राज्य में कई स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी. वहीं, 23 और 24 जून को राज्य के कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी. इस दौरान अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव के संकेत नहीं हैं. मौसम केंद्र ने अगले पांच दिनों के लिए गर्जन और तेज हवा के झोंके (30kmph-40kmph) चलने का येलो अलर्ट भी जारी किया है.

31 मई से 19 जून तक झारखंड के बेहद करीब आकर ठहर सा गया था मानसून

देश में निर्धारित समय से दो दिन पहले केरल में दस्तक देने वाला मानसून 31 मई को ही झारखंड के बेहद करीब आकर ठहर सा गया था. राज्य में मानसून के प्रवेश का इंतजार बेहद लंबा चला और 20-21 जून को इसके आगे बढ़ने के साथ ही करीब 09 दिन की देरी से मानसून ने झारखंड राज्य में प्रवेश किया.
पूर्ण रूप में वर्षा जल पर आधारित खेती की वजह से मानसून की देरी से निराश होते किसान के चेहरे पर मानसून के आगमन की खुशियां देखी जा सकती हैं.

आज डाल्टनगंज रहा सबसे गर्म, 30.8℃ रहा रांची का अधिकतम तापमान

मौसम केंद्र, रांची द्वारा जारी ताजा मौसम अपडेट के अनुसार आज राज्य के सभी जिलों का तापमान 40℃ से कम रहा. डाल्टनगंज में आज राज्य का सर्वाधिक तापमान 39.4℃ रिकॉर्ड हुआ. राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस, बोकारो का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस, गढ़वा का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस, हजारीबाग का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस, पाकुड़ का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस, सरायकेला खरसावां का अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस, साहिबगंज का अधिकतम तापमान 34.7, डिग्री सेल्सियस और पश्चिमी सिंहभूम का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. आज रांची में 9.6mm,बोकारो में 03 mm ,चतरा में 13 mm, हजारीबाग में 13.5mm,रामगढ़ में 6.5mm वर्षा रिकॉर्ड हुई है.

ये भी पढ़ें:

मानसून में कहीं आप भी स्टमक फ्लू से परेशान तो नहीं हैं, ऐसे रखें अपना ख्याल - STOMACH FLU IN MONSOON

देश के पूर्वोत्तर राज्यों और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश के आसार, अलर्ट जारी - IMD predicts

ABOUT THE AUTHOR

...view details

संबंधित ख़बरें