चंडीगढ़:पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी समेत सभी दलों के नेताओं ने शोक जताया. 92 साल की उम्र में उनका निधन हो गया. अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, दिल्ली ने हेल्थ बुलेटिन जारी कर बताया कि पूर्व पीएम को वीरवार रात करीब साढ़े आठ बजे आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया गया था. रात 9.51 मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली.
सीएम नायब सैनी ने दी श्रद्धांजलि: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश के विकास में मनमोहन सिंह का योगदान हमेशा अविस्मरणीय रहेगा. उन्होंने कहा कि सिंह को उनकी सादगी के लिए हमेशा याद किया जाएगा. सैनी ने एक्स पर पोस्ट किया "मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और उनके प्रियजनों को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।"
पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने जताया दुख: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मनमोहन सिंह को एक महान अर्थशास्त्री और भारत में आर्थिक सुधारों का अग्रदूत बताया. एक्स पर एक पोस्ट में हुड्डा ने कहा, "मैं पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन की खबर से दुखी हूं, जो दुनिया के महान अर्थशास्त्री, भारत में आर्थिक सुधारों के अग्रदूत और अपने काम के माध्यम से देश को प्रगति के पथ पर आगे ले गए और इसे दुनिया भर में एक अलग पहचान दिलाई।"
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने दी श्रद्धांजलि: केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने एक्स पर लिखा पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन से बहुत दुःख हुआ। एक दूरदर्शी अर्थशास्त्री और राजनेता, उन्होंने देश को अशांत समय में आगे बढ़ाया और आर्थिक लचीलेपन और विकास की नींव रखी। उनकी सेवा और बुद्धिमत्ता के लिए व्यापक रूप से सम्मानित, भारत की प्रगति में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनके परिवार, दोस्तों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएँ। ओम शांति।"
रणदीप सुरजेवाला ने जताया शोक: कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने कहा "डॉ. मनमोहन सिंह, सज्जन राजनीतिज्ञ और ईमानदारी और सादगी के प्रतीक, अपने पीछे एक अथाह शून्य छोड़ गए हैं। मैं राजनीति के मामलों में और भारत की अर्थव्यवस्था पर उनके विश्व दृष्टिकोण दोनों में उनके प्रचुर स्नेह और बुद्धिमान मार्गदर्शन का लाभार्थी था। डॉ. मनमोहन सिंह को उनकी बुद्धिमता, समझ और दूरदर्शिता के लिए हर कांग्रेसी और हर भारतीय बहुत याद करेगा। कांग्रेस के सिद्धांतों के लिए वैचारिक लड़ाई के लिए उनका संकल्प हमारे दिलों में अंकित रहेगा। परिवार, प्रियजनों और सभी प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। उनकी आत्मा को शांति मिले। ॐशांति!"
कुमारी सैलजा ने दी श्रद्धांजलि: कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने लिखा "पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन की सूचना से मन बेहद आहत है। उनका जाना पूरे देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है, लेकिन मेरे लिए यह परिवार के एक बड़े और मार्गदर्शक के चले जाने जैसा है। भारत के आर्थिक सुधारों में उनका योगदान ऐतिहासिक है। उनके नेतृत्व में भारत ने उदारीकरण, वैश्वीकरण और आर्थिक विकास की राह पकड़ी, जिसने करोड़ों भारतीयों के जीवन को सकारात्मक रूप से प्रभावित किया। मेरे लिए उनके साथ काम करना न केवल एक सौभाग्य था, बल्कि हर पल उनसे सीखने का अवसर भी मिला। उनकी सादगी, धैर्य और निस्वार्थ सेवा का उदाहरण सदैव प्रेरणा देता रहेगा। देश उनके योगदान को हमेशा याद रखेगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें। विनम्र श्रद्धांजलि।"
राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने जताया शोक: किरण चौधरी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा "ॐ शांति भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं महान अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने अपनी नीतियों और दूरदृष्टि से देश को आर्थिक मजबूती दी। उनका योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और उनके परिवार को दुख सहन करने की क्षमता प्रदान करें।"
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें- नहीं रहे पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, राष्ट्रपति-पीएम समेत तमाम नेताओं ने जताया शोक - MANMOHAN SINGH DEMISE