रायपुर: सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय एकात्म परिसर में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता ने प्रेसवार्ता ली. कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान भाजपा पर संविधान बदलने का आरोप लगाया था. जिस पर भाजपा प्रवक्ता केदार गुप्ता ने पलटवार किया है.
कांग्रेस पर सबसे अधिक संविधान बदलने के आरोप: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान भाजपा पर संविधान बदलने का आरोप लगाया था. जिस पर पलटवार करते हुए भाजपा प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता ने कहा, "कांग्रेस पार्टी लगातार राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी या फिर मल्लिकार्जुन खड़गे हों, एक ही बात करते हैं. देश में संविधान का परिवर्तन करके देश में कब्जा करना चाहते हैं. देश में अब तक 106 बार संविधान में परिवर्तन हुआ है. कांग्रेस पार्टी के कार्यकाल में सबसे अधिक 80 से अधिक बार संविधान में संशोधन किया गया है."
"कांग्रेस ने संविधान के मूल स्वरूप में छेड़छाड़ की": भाजपा प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता ने कहा, "सन 1973 में 13 जजों की कमेटी ने यह बात स्पष्ट की थी. संविधान में परिवर्तन समय के अनुसार होता है. लेकिन उसके मूल स्वरूप में छेड़छाड़ नहीं होना चाहिए. बावजूद इसके तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल में 1976 में संविधान का 42 वां संशोधन किया गया. भीमराव अंबेडकर, जो संविधान कमेटी के ड्राफ्टिंग चैयरमेन और राजेंद्र प्रसाद संविधान सभा के अध्यक्ष थे. सुप्रीम कोर्ट और भीमराव अंबेडकर के द्वारा साफ तौर पर कहा गया था कि संविधान के मूल स्वरूप में छेड़छाड़ नहीं होना चाहिए. बावजूद इसके कांग्रेस ने संविधान के मूल स्वरूप में छेड़छाड़ की है."
"राहुल गांधी के पूर्वज इंदिरा गांधी ने ही संविधान में ऐसा संशोधन किया कि पहले हमारे संविधान में प्रस्तावना में था- 'भारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य है'. इस प्रस्तावना को संसद में बिना बहस और बिना पारित कराए संसद में आपातकाल के समय इस प्रस्तावना को बदलकर 'संप्रभु समाजवादी धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक गणराज्य' बना दिया गया." - केदार गुप्ता, प्रदेश प्रवक्ता, भाजपा