दिल्ली

delhi

पेरिस ओलंपिक में जलवा दिखाएगी जालंधर में बनी हॉकी स्टिक, विदेशी प्लेयर्स भी कर रहे पसंद - Paris Olympics 2024

By ETV Bharat Sports Team

Published : Jul 27, 2024, 3:21 PM IST

Updated : Jul 27, 2024, 4:30 PM IST

पेरिस ओलंपिक में आज भारतीय हॉकी टीम अपना पहला मुकाबला खेलेगी. इसके लिए सभी भारतीय हॉकी प्लेयर्स पूरी तरह से तैयार हैं. सभी हॉकी प्लेयर्स जालंधर में बनी हॉकी से जलवा दिखाते हुए नजर आएंगे. पढ़ें पूरी खबर...

Paris Olympics 2024
पेरिस ओलंपिक (ETV Bharat)

जालंधर : पेरिस में आज से ओलंपिक खेलों की शुरुआत हो गई है. दुनिया के बाकी देशों की तरह भारत के खिलाड़ी भी हिस्सा लेने के लिए पेरिस पहुंच चुके हैं. भारतीय हॉकी टीम भी अपना जोश दिखाने के लिए तैयार है. खास बात यह है कि पिछली बार की तरह इस बार भी हॉकी टीम के ज्यादा खिलाड़ी जालंधर में बनी हॉकी के साथ इस टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे हैं.

जालंधर में बनी हॉकी के साथ मैदान में उतरेंगे 10 खिलाड़ी
जालंधर में अल्फा हॉकी बनाने वाली कंपनी के मालिक जतिन महाजन का कहना है कि इस बार भारतीय हॉकी टीम के 10 खिलाड़ी उनकी बनाई हॉकी का इस्तेमाल कर रहे हैं. उनके मुताबिक पिछले ओलंपिक में अल्फा हॉकी के साथ आठ खिलाड़ी खेले थे, जिनमें तत्कालीन टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह भी शामिल थे.

जालंधर में बनी हॉकी अब विदेशी खिलाड़ियों को भी पसंद आ रही है
जतिन महाजन ने बताया कि इस बार ओलंपिक में सिर्फ भारतीय खिलाड़ी ही नहीं बल्कि विदेशी खिलाड़ी भी अल्फा हॉकी खेलते नजर आएंगे. उन्होंने बताया कि इस बार फ्रांस की महिला टीम का एक खिलाड़ी और पुरुष टीम का एक खिलाड़ी अल्फा हॉकी के साथ खेलेगा. इसके साथ ही साउथ अफ्रीका के गोलकीपर भी अल्फा हॉकी के साथ इस टूर्नामेंट में खेलेंगे. उन्होंने बताया कि अब विदेशी खिलाड़ी भी अल्फा हॉकी को पसंद करने लगे हैं और निकट भविष्य में वह दिन दूर नहीं जब विदेशी खिलाड़ी हॉकी के साथ-साथ क्रिकेट का सामान खरीदने जालंधर आएंगे.

खिलाड़ियों की मांग और पसंद के हिसाब से तैयार होती है उनकी हॉकी
जतिन महाजन ने बताया कि क्या उनके द्वारा खिलाड़ियों के लिए तैयार की गई हॉकी खिलाड़ियों की पसंद के हिसाब से तैयार की जाती है. उनके अनुसार खिलाड़ियों की अपनी पसंद होती है, जिसमें कुछ खिलाड़ी अपने हिसाब से ग्रिप की मांग करते हैं, कुछ अपने हिसाब से वजन तैयार करवाते हैं और कुछ को पावर हॉकी पसंद होती है.

सरकार से अपील
जतिन महाजन ने कहा कि अगर सरकार जालंधर की खेल इंडस्ट्री को कुछ सुविधाएं दे तो यह इंडस्ट्री दुनिया से मुकाबला कर सकती है. उन्होंने कहा कि सरकार को कुछ सहयोग देना चाहिए, जालंधर की खेल इंडस्ट्री पूरी दुनिया में जानी जाती है. यही वजह है कि दुनिया भर के खिलाड़ी यहां बने खेल उपकरणों को पसंद करते हैं. इसलिए सरकार को अच्छी कनेक्टिविटी और अन्य सुविधाएं देनी चाहिए.

यह भी पढ़ें : पूर्व शूटिंग कोच सनी थॉमस ने की भविष्यवाणी, कहा- 'भारत मिक्स्ड फायर राइफल में जीतेगा पदक'
Last Updated : Jul 27, 2024, 4:30 PM IST

ABOUT THE AUTHOR

...view details