लखनऊः दो दिन से अपनी चहेती नेता प्रियंका गांधी के इंतजार में प्रदेश भर से आए तमाम कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय के ऑडिटोरियम में इंतजार कर रहे थे. प्रियंका गांधी ने आज उन कार्यकर्ताओं को मायूस नहीं किया. मीटिंग खत्म करने के बाद सीधे प्रियंका गांधी ऑडिटोरियम में पहुंचीं और कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया. इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरा. कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव हर हाल में जीतना है. हमें आप पर गर्व है. आपने इतनी मेहनत की, जिसकी वजह से आज उत्तर प्रदेश में न्याय पंचायत स्तर तक कांग्रेस का संगठन खड़ा हो चुका है. हम साथ चलेंगे, लड़ेंगे और जीतेंगे.
इसे भी पढ़ें-पीएम मोदी के बाद प्रियंका गांधी की यूपी में होगी एंट्री, विधानसभा चुनाव के लिए तैयार होगा रोडमैप
राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि हम लोग एकजुट होकर मजबूती से लड़ सकते हैं. उत्तर प्रदेश में संगठन में नई ऊर्जा आई है तो आप लाए हैं. आज संगठन जो दिख रहा है, आपने किया है. अगर कांग्रेस चर्चा में आई है तो यह भी आपने ही किया है. आज न्याय पंचायत में हमारा संगठन बना है आपको इस पर गर्व होना चाहिए. हर जिले में प्रशिक्षण के कार्य हो रहे हैं. इस पर आपको गर्व होना चाहिए कि हमारा संगठन जो बना है वह फर्जी और कागजी नहीं है.
राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि 24 घंटे कार्य करने का अपना लक्ष्य बनाइए. हमें लड़ना है, मजबूती से आगे बढ़ना है और चुनाव जीतना है. उन्होंने कहा कि लड़ने के लिए अनुशासन भी जरूरी है. मन बनाइए, हम लोग एक साथ आगे बढ़ेंगे और चुनाव जीतेंगे. हम इतना काम करेंगे कि सबको शर्मिंदा कर देंगे.
बता दें कि कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी लखनऊ के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंची हैं. प्रियंका गांधी लगातार कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगमी विधानसभा चुनाव की रणनीति तय कर रही हैं. प्रियंका गांधी शनिवार को सुबह अचानक लखीमपुर खीरी पहुंचकर उन महिलाओं से मिलीं, जिनसे ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान अभद्रता हुई थी.