नोएडा: उत्तर प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने नागरिकता संशोधन कानून को लेकर घरों में पर्चे बांटे और लोगों के बीच जन जागरूकता अभियान चलाया. वहीं नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में मिस कॉल करने के लिए लोगों से अपील की. इस दौरान पार्टी के कार्यकर्ता ने लोगों के बीच जाकर सीएए के बारे में सही जानकारी दी.
प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने बताया कि देशभर में नागरिकता कानून को लेकर लोगों के बीच जन जागरूकता की जा रही है. भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता लोगों के घर जाकर नागरिकता संशोधन कानून की वास्तविकता के बारे में जानकारी देंगे. 10 दिन तक यह अभियान पूरे देश में चलाया जाएगा और लोगों के बीच फैले भ्रम को दूर किया जाएगा.
'नागरिकता लेने का नहीं देने का कानून है'
बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता विजय बहादुर सिंह ने बताया कि इस कानून का उद्देश्य किसी की नागरिकता लेने का नहीं है बल्कि नागरिकता देने का है. नागरिकता कानून को लेकर सभी जनपदों में यह अभियान चलाया जा रहा है और लोगों को सही जानकारी दी जा रही है. इसी क्रम में नोएडा में भी प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल के नेतृत्व में जन जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है.
बिल के समर्थन में मिस कॉल नंबर जारी
प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में एक मिस कॉल नंबर भी जारी किया है. 8866288662 नंबर पर नागरिकता संशोधन कानून का समर्थन करने वाले लोग मिस कॉल कर सकते हैं.