भोपाल। टोक्यो ओलम्पिक गेम्स के लिए टाटा स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स जमशेदपुर झारखंड में 23 से 27 नवम्बर तक आयोजित सिलेक्शन ट्रायल में मध्य प्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी के खिलाड़ी अमित कुमार ने शानदार प्रदर्शन किया. अमित कुमार ने 2655 के स्कोर के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया. उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अमित कुमार का पुणे में होने वाले इंडिया कैम्प के लिए चयन हुआ है.
![Amit Kumar form MP player in Tokyo Olympic selection trial](https://etvbharatimages.akamaized.net/etvbharat/prod-images/mo-bho-04-ps-10004_26112020230025_2611f_1606411825_380.jpg)
कोरोना के कारण रुका था सिलेक्शन ट्रायल
इससे पहले ओलम्पिक के इंडिया कैम्प के लिए आठ खिलाडियों का चयन हुआ था. ये प्रतियोगिता झारखंड में हुई. सिलेक्शन ट्रायल में देश के 29 खिलाडियों ने भागीदारी की, जिसमें मध्यप्रदेश तीरंदाजी अकादमी जबलपुर के दो खिलाड़ी अमित कुमार और अमित यादव ने भाग लिया.
![Amit Kumar form MP player in Tokyo Olympic selection trial](https://etvbharatimages.akamaized.net/etvbharat/prod-images/mo-bho-04-ps-10004_26112020230025_2611f_1606411825_1027.jpg)
मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने दी शुभकामनाएं
तीरंदाजी अकादमी के खिलाड़ी अमित कुमार के टोक्यो ओलंपिक के लिए आयोजित इंडिया कैंप में चयन होने पर उन्हें खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने कहा कि हमारे खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर मध्य प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं.
प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे खिलाड़ी
मध्य प्रदेश तीरंदाजी अकादमी जबलपुर में साल 2016 से प्रशिक्षणरत अमित कुमार ने साल 2018 में पुणे में आयोजित सीनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता की टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक मध्य प्रदेश को दिलाया. उन्होंने मिनी नेशनल (अंडर 14) में भी स्वर्ण पदक जीतकर मध्य प्रदेश का नाम रोशन किया है.