रांचीः पिछले दिनों राजधानी रांची के आंचल के राजस्व कर्मचारी सत्य प्रकाश श्रीवास्तव को गोली मारने वाले असामाजिक तत्वों की गिरफ्तारी और राजस्व कर्मियों को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग को लेकर राजभर के राजस्व कर्मचारी संघ की ओर से राजभवन के समक्ष एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया. साथ ही राजस्व कर्मचारियों ने कहा कि अगर राज्य सरकार और विभाग की ओर से जल्द इनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो राज्य के कर्मचारी आंदोलन पर चले जाएंगे.
इसे भी पढ़ें- रांचीः राजस्व कर्मचारी को अपराधियों ने मारी गोली, लगातार मिल रही थी धमकी
झारखंड राज्य राजस्व कर्मचारी संघ की मानें तो जानलेवा हमला के बाद राजस्व कर्मचारी सत्य प्रकाश श्रीवास्तव की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. अब तक असामाजिक तत्व की गिरफ्तारी के साथ-साथ संघ के अन्य प्रमुख मांगों पर सरकार से समझौता किया जा चुका है, अब तक इसे पूरा नहीं किया गया है. इसी मांग को पूरा करने को लेकर चरणबद्ध आंदोलन किया जा रहा है. संघ का कहना है कि जिला के किसी भी वरीय अधिकारी ने घायल कर्मचारी की अब तक सुध नहीं ली है और ना ही घायल कर्मचारी की समुचित इलाज की व्यवस्था की गई है, इससे जिला स्तर के वरीय पदाधिकारी के संवेदनहीनता का परिचय स्पष्ट होता है.
झारखंड राजस्व कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने कहा कि जिस तरीके से वरीय अधिकारियों की ओर से घायल परिवार के साथ किया जा रहा है, यह काफी निंदनीय है. उन्होंने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि संघ की ओर से चरणबद्ध आंदोलन के तहत 20 फरवरी को कलम बंद हड़ताल की जाएगी. 22 फरवरी को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन किया जाएगा और 23 फरवरी को झारखंड राजस्व कर्मचारियों की ओर से राज्य स्तरीय हड़ताल की जाएगी, जिसके तहत राजस्व कार्य पूरी तरह से बाधित रहेगा. उन्होंने बताया कि हड़ताल के दौरान होने वाली कठिनाइयों की पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी.