रांचीः टोक्यो ओलंपिक 2020 के लिए सिमडेगा की सलीमा टेटे और झारखंड की ही निक्की प्रधान का चयन भारतीय महिला हॉकी टीम में किया गया है. देश के लिए ओलंपिक गोल्ड जीतना हर खिलाड़ी का सपना होता है. अब झारखंड की दो बेटियां सलीमा टेटे और निक्की प्रधान को यह मौका मिला है. दोनों का चयन टोक्यो ओलंपिक के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम में हुआ है.
यह भी पढ़ेंः ओलंपिक में गोल्ड के लिए जान लगाएंगी झारखंड की बेटियां सलीमा और निक्की, टोक्यो ओलंपिक के लिए महिला हॉकी टीम में चयन
दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर राज्य के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में हर्ष की लहर है. सोशल मीडिया पर बधाई का सिलसिला जारी है. साथ ही अनेक जनप्रतिनिधियों ने टवीट कर दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं.
राज्य के सीएम हेमंत सोरेन, पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो ने टवीट कर बधाई दी है. सिमडेगा को हॉकी की नर्सरी भी कहा जाता है. यहां से निकले कई हॉकी खिलाड़ियों ने देश विदेश में झारखंड और देश का नाम रोशन किया है.
सीएम सोरेन ने टवीट करते हुए कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने झारखंड का मान बढ़ाया है. दोनों को शुभकामनाएं और जोहार
केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने अपने टवीट में भारतीय महिला हॉकी टीम में चयनित सलीमा टेटे और निक्की प्रधान को बधाई दी है. उन्होंने कहा कि मेरे लोकसभा क्षेत्र खूंटी की निक्की प्रधान का चयन हुआ है. बहुत ही गर्व की बात है.
पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने भी दोनों को शुभकामनाएं देते हुए बधाई दी है.
आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों का चयन पूरे झारखंड के लिए गौरव का क्षण है. उम्मीद है दोनों टोक्यो ओलंपिक में श्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगी.