रांची: प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश कोल्हान प्रमंडल के पांच दिवसीय सांगठनिक प्रवास पर आगामी 4 दिसंबर से जाएंगे. वहीं, 8 दिसंबर को रांची लौटेंगे. इसकी जानकारी बुधवार को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद शर्मा ने दी.
उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष का झारखंड के सभी जिलों में सांगठनिक प्रवास के कार्यक्रम को पार्टी द्वारा तैयार किया जा रहा है. जिसका प्रथम चरण कोल्हान प्रमंडल के चार सांगठनिक जिलों चाईबासा, सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम (घाटशिला) और जमशेदपुर महानगर के कार्यक्रमों से सम्पन्न होगा. उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष 4 दिसंबर को चाईबासा, 5 दिसंबर को सरायकेला खरसांवा, 6 दिसंबर को पूर्वी सिंहभूम, 7 दिसंबर को जमशेदपुर महानगर जिला की कार्यसमिति बैठक में शामिल होंगे.
ये भी पढ़ें: विधायक ढुल्लू महतो की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, जमानत रद्द करने को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर
उन्होंने बताया कि जिला कार्यसमिति की बैठकों के अतिरिक्त प्रदेश अध्यक्ष का जिला पदाधिकारियों, सांसद, विधायकों के साथ भी बैठक निर्धारित है. इसके साथ ही वे जिलों के पुराने, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों, कार्यकर्ताओं और आमजन से भी मिलकर संवाद करेंगे. इसके साथ ही सभी जिलों में किसी एक बूथ पर भी प्रदेश अध्यक्ष बूथ समिति की बैठक में भाग लेंगे. इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष के द्वारा सभी जिलों में प्रेसवार्ता भी होगी.