चंडीगढ़: हरियाणा में प्रदूषण का स्तर चरम पर पहुंच चुका है. दिवाली के दिन भी हरियाणा में प्रदूषण का स्तर सबसे ज्यादा रहा. वहीं इसी बीच सबसे चिंताजनक जो बात है वो है सेंट्रल प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड का एयर क्वालिटी इंडेक्स बुलेटिन. बोर्ड हर दिन का एयर क्वालिटी इंडेक्स बुलेटिन जारी करता है. बुलेटिन में देशभर के सबसे प्रदूषित शहरों की जानकारी दी जाती है.
वहीं दिवाली के दिन जारी हुआ एयर क्वालिटी इंडेक्स बुलेटिन चिंता का विषय बना हुआ है. दरअसल बोर्ड ने 103 शहरों में प्रदूषण का आंकड़ा जारी किया जिसमें 21 शहर हरियाणा के हैं. अब सबसे डराने वाले आंकड़े ये हैं कि एयर क्वालिटी इंडेक्स ने अपनी 'खतरनाक' श्रेणी के 20 शहरों की लिस्ट जारी की उसमें से 11 शहर हरियाणा के हैं, जो कि एक चिंता का विषय है.
![pollution rises in 11 cities of haryana severely](https://etvbharatimages.akamaized.net/etvbharat/prod-images/4887903_filephoto.jpg)
क्या कहता है एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) बुलेटिन ?
शहर | एयर क्वालिटी | इंडेक्स वैल्यू |
अंबाला | बहुत खराब | 343 |
भिवानी | बहुत खराब | 340 |
फरीदाबाद | बहुत खराब | 323 |
हिसार | बहुत खराब | 385 |
जींद | बहुत खराब | 338 |
कैथल | बहुत खराब | 343 |
कुरुक्षेत्र | बहुत खराब | 337 |
पानीपत | बहुत खराब | 348 |
रोहतक | बहुत खराब | 306 |
सिरसा | बहुत खराब | 379 |
यमुनानगर | बहुत खराब | 373 |
गौरतलब है कि हरियाणा समेत पूरे देश में ग्रीन दिवाली के आह्वान के बीच दिवाली के अगले दिन प्रदूषण के स्तर में कोई कमी नहीं आई. हर बार की तरह इस बार भी दिवाली के बाद हवा में प्रदूषण का स्तर बढ़ गया. कई जगहों पर प्रदूषण का स्तर समान्य रहा, तो कई जगह बेहद ज्यादा रहा. दिवाली पर दिल्ली से सटे हरियाणा के जिलों में जलाए गए पटाखों का असर साफ तौर पर देर रात को नजर आया. हरियाणा के अलग-अलग जिलों में पीएम 10 और पीएम 2.5 का लेवल काफी हाई हो गया.