'मिस्टर बंटाधार और करप्शन नाथ को नकार चुकी जनता', BJP प्रदेश अध्यक्ष का कांग्रेस पर तीखा हमला - VD SHARMA GWALIOR VISIT
मध्य प्रदेश बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा एक दिवसीय दौरे पर ग्वालियर पहुंचे, संगठन की बैठक में कांग्रेस को घेरा.


By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : Nov 5, 2024, 6:38 AM IST
ग्वालियर : बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष द्वारा बुलाई गई संगठन की बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए कांग्रेस पर तीखी टिप्पणियां की. उन्होंने पूर्व सीएम व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह और पूर्व सीएम कमलनाथ पर तंज कसते हुए कहा कि उपचुनाव में भी कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ेगी. वहीं विजयपुर और बुधनी विधानसभा उपचुनाव पर बीजेपी की जीत का दावा किया.

बीजेपी रचेगी इतिहास
विष्णु दत्त शर्मा ने चर्चा के दौरान कहा कि विजयपुर और बुधनी विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी जीत का इतिहास बनाएगी. उन्होंने कहा, '' बीजेपी के संगठन कार्यकर्ताओं की ताकत विकास और गरीब कल्याण पर जनता मुहर लगाती आई है और एक बार फिर इन उपचुनावों में यह मोहर लगेगी.
मिस्टर बंटाधार और करप्शन नाथ को जनता ने नकारा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने तंज कसते हुए कहा, '' मिस्टर बंटाधार दिग्विजय सिंह और मिस्टर करप्शन नाथ कमलनाथ दोनों को जनता बार-बार नकारत चुकी है है इसलिए एक बार फिर इन उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी के विजय का परचम लहराएगा. बीजेपी सिर्फ चुनाव लड़ने के लिए नहीं है, बीजेपी के कार्यकर्ता 365 दिन जनता की सेवा में सरकार और कार्यकर्ता काम करते हैं. और इस आधार पर उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी इतिहास रचेगी.''

ग्वालियर पहुंचे हैं बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री
वीडी शर्मा ने बैठक के बारे में चर्चा करते हुए कहा, '' आज भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ग्वालियर पहुंचे हैं और सभी कार्यकर्ताओं को उनका मार्गदर्शन मिले इसलिए यह संगठन की बैठक बुलाई गई थी. संगठन का पर्व चल रहा है और ऐसे समय में उनका यहां आना कार्यकर्ताओं के लिए सौभाग्य की बात है.''
65 हजार बूथ पर बनेगा संगठन पर्व
BJP प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया, '' सदस्यता अभियान में मध्य प्रदेश ने रिकॉर्ड बनाया है और अब प्रदेशभर के संगठन के 65 हजार बूथों पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता संगठन पर्व मनाएंगे. साथ ही बूथ कमेटी का गठन कर मध्य प्रदेश के संगठन की ताकत को बढ़ाने के लिए काम करेंगे.'' वहीं निगम मंडलों में नियुक्तियों को लेकर भी उन्होंने कहा है कि जल्द ही निगम मंडलों में भी नियुक्तियां की जाएंगी.