उत्तर प्रदेश

uttar pradesh

ETV Bharat / state

संगठन चुनाव के माध्यम से भी बीजेपी दिखाएगी ताकत, 90 दिन में बदल जाएगा संगठनात्मक ढांचा

BJP Organization Election 2024 : इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन चुनाव अधिकारी के. लक्ष्मण की मौजूदगी में चर्चा की गई.

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मौजूद भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी.
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मौजूद भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी. (Photo Credit : ETV Bharat)

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : 4 hours ago

लखनऊ :भारतीय जनता पार्टी के संगठन चुनाव को लेकर आयोजित कार्यशाला पार्टी के नेताओं ने एक ही संदेश दिया इस संगठन के चुनाव में इस बार सभी वर्गों को जोड़ना है. संगठन के चुनाव के माध्यम से भी भारतीय जनता पार्टी अपनी ताकत का एहसास करने के लिए तैयार है. जिला स्तर तक कार्यशालाएं कराकर भारतीय जनता पार्टी इस बार के संगठन चुनाव को और मजबूत बनाएगी. अगले 90 दिनों में बीजेपी के जिला अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष में परिवर्तन को तय किया जाएगा.


भारतीय जनता पार्टी की संगठन पर्व 2024 पर आयोजित सक्रिय सदस्यता एवं संगठन चुनाव प्रदेश बैठक सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सम्पन्न हुई. भाजपा के राष्ट्रीय संगठन चुनाव अधिकारी के. लक्ष्मण, प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, प्रदेश संगठन चुनाव अधिकारी डाॅ. महेन्द्र नाथ पाण्डेय, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह एवं राष्ट्रीय सह संगठन चुनाव अधिकारी नरेश बंसल की उपस्थिति में आयोजित बैठक मेें प्रदेश में दो लाख से अधिक सक्रिय सदस्य बनाने व बूथ समितियों के गठन के साथ मंडल व जिला के संगठन चुनाव पर चर्चा हुई.


कार्यशाला में संगठन पर्व के अन्तर्गत 5, 6 व 7 नवंबर तक जिला स्तर पर संगठनात्मक चुनाव को लेकर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी. प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला ने सदस्यता अभियान की रिपोर्ट बैठक में साझा की व प्रदेश के सहचुनाव प्रभारी मुकुट बिहारी वर्मा ने संचालन किया. सदस्यता अभियान में प्रदेश में सबसे अधिक सदस्यता करने वाले जिलों के जिलाध्यक्षों को सम्मानित किया गया.


राष्ट्रीय संगठन चुनाव अधिकारी के लक्ष्मण ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है और हम सभी को इस पार्टी का सदस्य होने का गर्व है. देश में 10 करोड़ 50 लाख से अधिक भाजपा के सदस्य बने हैं. लंबे संघर्ष और कठोर परिश्रम से भाजपा आज इस उच्च स्थान तक पहुंची है. पहले देश उसके पश्चात पार्टी और सबसे बाद में स्वयं का चिंतन यही पार्टी की विचारधारा है और इस विचारधारा में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद निहित है. हम चरणबद्ध तरीके से संगठनात्मक चुनाव आगे बढेगें. निश्चित समय पर संगठन में परिवर्तन की परंपरा है. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि संविधान में प्रदत्त आरक्षण की व्यवस्था को सबसे पहले लागू करने का काम भाजपा करती है. राष्ट्रवादी विचारधारा और परिवारवादी विचारधारा के बीच लड़ाई है. हमें सावधानीपूर्वक आगे बढ़ना है.

संगठन चुनाव अधिकारी डॉ. महेन्द्रनाथ पाण्डेय ने कहा कि सतत चलना, समन्वय बनाकर चलना, संवाद बनाकर चलना और परिवार बनाकर चलना यह भाजपा का संस्कार है और जिसका विश्व में भाजपा के अलावा कोई दूसरा उदाहरण नहीं है. संगठन महापर्व में बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक हमारी सभी संगठनात्मक इकाईयां सर्वस्पर्शी, सर्वव्यापी हों इसका हमें प्रयास करना होगा. पाण्डेय ने कहा संगठन के यह चुनाव हमारी पार्टी की ताकत को कई गुना बढ़ाएंगे. समाज की सभी वर्गों की भागीदारी को सुनिश्चित करते हुए हमें अपने संगठन के चुनाव समन्वय व संवाद के साथ सम्पन्न कराने हैं.


उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि संगठन चुनाव में प्रत्येक वर्ग, प्रत्येक क्षेत्र की भागीदारी को पूर्ण करते हुए हमें अपना संगठनात्मक ढांचा तैयार करना है. उन्होंने कहा कि अब जो संगठनात्मक ढांचा तैयार होगा. उसी के बल पर हम 2027 में 2017 को दोहराएंगे. मौर्य ने कहा कि भाजपा एकमात्र राजनीतिक दल है जिसमें कोई भी कार्यकर्ता अपनी क्षमताओं तथा परिश्रम के आधार पर किसी भी दायित्व तक पहुंच सकता है. उन्होंने सदस्यता अभियान में उत्तर प्रदेश की उपलब्धि प्राप्त करने पर प्रशंसा व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी का प्रदेश नेतृत्व तथा कार्यकर्ताओं के परिश्रम ने इतनी बड़ी संख्या में लोगों को जोड़कर नया कीर्तिमान स्थापित किया.


उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि उन्होंने सदस्यता अभियान की सफलता के लिए प्रदेश नेतृत्व तथा कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि सक्रिय सदस्यता तथा संगठनात्मक चुनाव की सफलता के लिए अग्रिम बधाई संगठन को देता हूं. प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि सदस्यता अभियान की ऐतिहासिक सफलता के लिए सभी को बधाई. प्राथमिक सदस्यता अभियान आगामी 20 नवंबर तक चलेगा. प्रदेश में दो लाख से अधिक सक्रिय सदस्य बनाने का लक्ष्य प्रदेश इकाई ने लिया है. संगठन के सभी स्ट्रक्चर पर बनने वाले पदाधिकारी सक्रिय सदस्य ही होंगे. उन्होंने कहा कि आगामी 5, 6, 7 नवंबर तक सभी जिलों में संगठन चुनाव कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी. मंडल संगठन पर्व सहयोगी बूथ समितियों के गठन की प्रक्रिया में सहयोग करेंगे. मंडल संगठन पर्व की कार्यशालाएं भी 15 नवंबर से पहले सम्पन्न करना है. साथ ही प्रत्येक शक्तिकेन्द्र पर शक्तिकेन्द्र संगठन पर्व सहयोगी भी बनाए जाएंगे. बूथ समितियों के गठन का कार्य सक्रिय सदस्यता के पश्चात प्रारम्भ होगा.

यह भी पढ़ें :यूपी में पहली बार संस्कृत के 70 हजार छात्रों के एकाउंट में पहुंचेंगे स्काॅलरशिप के 6 करोड़ रुपये

यह भी पढ़ें :लखनऊ सहित प्रदेश के 6 जिलों में 'स्पेशल एजुकेशन जोन' तैयार करेगी योगी सरकार

ABOUT THE AUTHOR

...view details