झारखंड

jharkhand

ETV Bharat / state

कांग्रेस का चुनाव अभियान जनसंवाद अभियान लक्ष्य- 2024ः लैंड बैंक समाप्त करने के लिए सीएम को लिखा पत्र - Congress Jan Samvad Abhiyan

Congress election campaign. झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस का अभियान शुरू हो गया है. इस दौरान कांग्रेसियों ने महागठबंधन सरकार की उपलब्धियां गिनाई.

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : 4 hours ago

Congress Jan Samvad Abhiyan
जनसंवाद अभियान 2024 को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू. (फोटो-ईटीवी भारत)

रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से दो अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती के दिन से झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी के कार्यक्रम का शंखनाद किया गया. गांधी या गोडसे के इस अभियान में शुक्रवार से वरिष्ठ छह नेताओं की अगुआई में बनी टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में जनसंवाद अभियान लक्ष्य-2024 की शुरुआत की.

शुक्रवार 4 अक्टूबर से राज्य के पांचों प्रमंडल में एक साथ शुरू जनसंवाद अभियान लक्ष्य-2024 के तहत प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर प्रदेश चुनाव अभियान समिति के चेयरमैन सुबोधकांत सहाय ने पांच प्रमंडलों में छह टीम का गठन किया. पांच प्रमंडल में यह छह टीम जनसंवाद लक्ष्य 2024 को लेकर नुक्कड़ सभा, जनसभा और जनता से सीधा संवाद शुरू कर दिया है.

बयान देते कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश. (वीडियो-ईटीवी भारत)

टुकड़ियों में कांग्रेसी चला रहे हैं अभियान

शुक्रवार को पार्टी के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बताया कि प्रथम चरण में कोल्हान प्रमंडल के लिए जहां स्वयं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बागडोर संभाली है. वहीं पलामू प्रमंडल के लिए कांग्रेस विधायक दल के नेता डॉ. रामेश्वर उरांव, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के लिए चुनाव अभियान समिति के चेयरमैन सुबोधकांत सहाय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, दक्षिणी छोटानागपुर के लिए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ प्रदीप कुमार बलमुचू और संथाल परगना के लिए सांसद सुखदेव भगत को जनसंवाद 2024 को सफल बनाने की जिम्मेदीरी दी गयी है.

इस कड़ी में शुक्रवार को बोकारो, रामगढ़, मनिका, रांची जिला के कांके और हटिया विधानसभा में चुनावी शंखनाद की शुरुआत हो गई है. वहीं शनिवार यानी पांच अक्टूबर को चाईबासा, जमशेदपुर, धनबाद, हजारीबाग, सिमडेगा, कोलेबिरा, डालटेनगंज में कार्यक्रम आयोजित की जाएगी.

झारखंड कांग्रेस के जनवाद कार्यक्रम में मौजूद लोग. (फोटो-ईटीवी भारत)

भाजपा ने झारखंड को खोखला कियाः प्रदीप बलमुचू

रांची जिला के कांके में उरूगुटू, बुढ़मू और हटिया विधानसभा के रातू और नगड़ी में जनसंवाद अभियान -2024 को संबोधित करते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि झारखंड में डेढ़ दशक से ज्यादा समय तक सत्ता पर रहने वाली भाजपा ने इस राज्य को खोखला कर दिया था. झारखंड के जल-जंगल और जमीन को पूंजीपतियों हवाले कर यहां के संसाधनों को लुटवाने का काम भाजपा और आजसू की सरकार ने किया. आदिवासी दलित, ओबीसी को भूखा मरने को छोड़ दिया गया.

गठबंधन सरकार की उपलब्धियां गिनाई

प्रदीप बलमुचू ने कहा कि हमारी गठबंधन की सरकार ने राज्य की बेटियों को आर्थिक रूप से सबल बनाने के लिए मंईयां सम्मान योजना शुरू की. प्रदीप बलमुचू ने कहा कि भाजपा के शासन काल में बाबूलाल मरांडी के मुख्यमंत्री रहते हुए ओबीसी आरक्षण सीमा को 27 प्रतिशत से घटाकर 14 प्रतिशत कर दिया गया. आज भाजपा ओबीसी के हितैषी बनने का ढोंग कर रही है. रातू के कार्यक्रम में अजय नाथ शाहदेव, सुरेश बैठा, पूर्व शिक्षा मंत्री गीताश्री उरांव, निरंजन पासवान, रामाकांत आनंद, नेली नाथन आदि ने संबोधित किया.

पांच न्याय के सिद्धांत पर कांग्रेस का घोषणा पत्र

झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि हम लगातार अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं. अब जनता से कांग्रेस सीधा संवाद कर रही है और बता रही है कि कैसे भाजपा ने राज्य के लोगों को छला है और हमारी महागठबंधन की सरकार ने कैसे जनता की उम्मीदों को पूरा किया है. केशव महतो कमलेश ने कहा कि पहले चरण में हम उन 33 विधानसभा सीटों पर जनसंवाद कर रहे हैं जहां कांग्रेस चुनाव लड़ेगी. वहीं दूसरे चरण में सभी 81 सीटों पर यह कार्यक्रम चलेगा. प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जल्द ही सीट शेयरिंग के लिए वार्ता होगी.

लैंड बैंक को समाप्त करने के लिए सीएम को पत्र

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और विधायक दल के नेता डॉ रामेश्वर उरांव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को शुक्रवार को पत्र लिखकर राज्य की जनता के हित में पूर्ववर्ती राज्य सरकार द्वारा लागू लैंड बैंक को समाप्त करने, 2017 में भूमि सुधार कानून में किए गए संशोधन को समाप्त करने और पिछड़े वर्ग के उत्थान एवं सामाजिक विकास के लिए अलग पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्रालय का गठन करने की मांग की है.

इस संबंध में कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी ने बताया कि कांग्रेस ने राज्यहित में मुख्यमंत्री को यह पत्र इसलिए लिखा है क्योंकि यह सीधे जनजीवन को प्रभावित करने वाला है. पिछली सरकार द्वारा जो लैंड बैंक बनाया गया है उससे झारखंड में लाखों परिवार आज प्रभावित हो रहे हैं. लैंड बैंक, भूमि सुधार कानून में परिवर्तन ने झारखंड में विवादों की संख्या बढ़ा दिया है. ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करने वाली अधिकांश ग्रामीण आबादी आज इन कानूनों से प्रभावित है और इसका अपरोक्ष रूप से फायदा पूंजीपतियों को हो रहा है.

ये भी पढ़ें-

झारखंड में 4 से 7 अक्टूबर तक कांग्रेस का अभियान - Jharkhand Congress campaign

चुनावी कैंपेन के लिए झारखंड कांग्रेस ने कसी कमर, भ्रष्टाचार के मुद्दे पर किया बीजेपी पर प्रहार - Congress Election Campaign

गांधी या गोडसे कैंपेन, भाजपा के चुनाव प्रचार को कांग्रेस देगी करारा जवाब! - Congress campaign

ABOUT THE AUTHOR

...view details