शिमला: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से संबंध रखने वाले वाइस एडमिरल लोचन सिंह पठानिया ने केंद्र सरकार के मुख्य जल सर्वेक्षक (हाइड्रोग्राफर) का कार्यभार संभाल लिया है. वे हिमाचल में कांगड़ा जिला के शाहपुर क्षेत्र से संबंध रखते हैं. इस उपलब्धि के लिए हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पठानिया को बधाई दी है.
कांगड़ा जिला के शाहपुर क्षेत्र से आने वाले वाइस एडमिरल लोचन सिंह पठानिया ने भारत सरकार के मुख्य जल सर्वेक्षक (हाइड्रोग्राफर) का कार्यभार संभाल लिया है. मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने नया कार्यभार ग्रहण करने पर लोचन सिंह पठानिया को बधाई दी है. भारतीय नौसेना का जल सर्वेक्षण विभाग, जल सर्वेक्षण एवं नौ परिवहन चार्ट के लिए नोडल एजेंसी के रूप में कार्य करता है. लोचन सिंह पठानिया नौसेना के जल सर्वेक्षण जहाज आईएनएस ‘दर्शक’ और ‘संधायक’ को भी कमांड कर चुके हैं. अपने तीन दशकों से अधिक के सेवा काल में उन्होंने जल सर्वेक्षण से संबंधित कार्यों से अपनी विशेष पहचान बनाई है.