झारखंड

jharkhand

ETV Bharat / state

महिला हॉकी लीग की विजेता बनीं 'ओडिशा वॉरियर्स', सीएम हेमंत बोले, खेल को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध - WOMENS HOCKEY LEAGUE

रांची में आयोजित महिला हॉकी लीग चैंपियनशिप का समापन हो गयी. टूर्नामेंट की विजेता टीम ओडिशा वॉरियर्स को सीएम ने ट्रॉफी दी.

CM Hemant Soren gave trophy to Odisha Warriors team became winner of Womens Hockey League In Ranchi
महिला हॉकी लीग की विजेता टीम को ट्रॉफी देते सीएम (Etv Bharat)

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : Jan 26, 2025, 10:05 PM IST

रांचीः हॉकी की नर्सरी कहे जाने वाले झारखंड की राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में 26 जनवरी को खेले गए फाइनल मुकाबले में ओडिशा वॉरियर्स ने रोमांचक मुकाबले में जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब को 2-1 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया है. दूसरे क्वार्टर में रुतुजा दादासो पिसल ने वारियर्स को बढ़त दिलाई. लेकिन इसके तुरंत बाद सूरमा की पेनी स्क्विब ने गोल दाग कर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया. लेकिन रुतुजा ने अंतिम क्वार्टर में फिर से गोल कर वारियर्स की जीत सुनिश्चित कर दी. विजेता टीम को डेढ़ करोड़ का चेक मिला है.

फाइनल मुकाबला देखने के लिए पूरा रांची का स्टेडियम हॉकी प्रेमियों से खचाखच भरा हुआ था. समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ पहुंचे. मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार हर कदम उठा रही है. खेलों के आयोजन से युवाओं में ऊर्जा का संचार होता है. उन्होंने कहा कि झारखंड में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई खेल आयोजन हो रहे हैं, जो खेल और खिलाड़ियों के लिए अच्छा संकेत है.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी (ETV Bharat)

देश में पहली बार हुआ महिला हॉकी लीग

12 जनवरी को महिला हॉकी लीग का भव्य तरीके से आगाज हुआ था. आकर्षक आतिशबाजी से पूरी रांची दमक उठी थी. सांस्कृतिक कार्यक्रम में झारखंड की झलक देखी थी. उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी सह गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन थीं. उस दिन अपने संबोधन में कल्पना सोरेन ने कहा था कि भारत में पहली बार हो रहा है, जब देश और विदेश की महिला हॉकी खिलाड़ी चार टीमों में बंटकर इस लीग में भाग ले रही हैं. आयोजन का पहला अवसर झारखंड को मिला है. झारखंड की बेटियां हॉकी के लिए जानी जाती हैं.

हॉकी खिलाड़ी को ट्रॉफी देते सीएम (ETV Bharat)

पहली बार खेले गए महिला हॉकी लीग में 'बंगाल टाइगर्स, दिल्ली पाइपर्स, ओडिशा वॉरियर्स और सुरमा हॉकी क्लब' नाम की चार टीमें में शामिल थीं. इनमें झारखंड की 6 खिलाड़ी शामिल थीं. सुरमा हॉकी क्लब की ओर से झारखंड की स्टार हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे और निक्की प्रधान, दिल्ली की टीम से संगीता कुमारी और दीपिका सोरेंग जबकि ब्यूटी डुंगडुंग और विनिमा धान बंगाल टाइगर की तरफ से खेलने उतरीं थीं.

रांची में महिला हॉकी लीग का आयोजन (ETV Bharat)

इसे भी पढ़ें- रांची में महिला हॉकी लीग का हुआ आगाज, शानदार आतिशबाजी ने जीता लोगों का दिल

इसे भी पढ़ें- 12 जनवरी से रांची में हॉकी लीग का आयोजन, टीम में होंगी कई अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी

ABOUT THE AUTHOR

...view details