जशपुर: शनिवार को घोषित किए गए नगरीय निकाय चुनाव के परिणामों में भारतीय जनता पार्टी ने पांच में से तीन अध्यक्ष पद पर कब्जा कर जिले में शानदार वापसी दर्ज की है. वहीं कुनकुरी में कांग्रेस प्रत्याशी विनयशील गुप्ता ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर, भाजपा की जीत की खुशियों को फिका कर दिया.
नगर पंचायत कोतबा परिणाम: नगर पंचायत कोतबा में कांग्रेस ने जीत की हैट्रिक लगाई है. नगर पालिका जशपुर में 3000 से अधिक वोट से अध्यक्ष और 18 पार्षदों पर जीत दर्ज कर अपने अजेयता के इतिहास को कायम रखा है. चुनाव परिणाम आने के बाद विभिन्न क्षेत्रों में भाजपा और कांग्रेस समर्थकों ने जश्न मनाया.
कुनकुरी में कांग्रेस का कब्जा: सबसे अधिक चर्चा में रहने वाली कुनकुरी नगर पंचायत में कांग्रेस के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी विनयशील गुप्ता ने भाजपा के सुबदल राम यादव को 81 वोटों से हराकर जीत हासिल की. वहीं पत्थलगांव नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी संगीता सिंह ने कांग्रेस की उर्वशी सिंह को 1,450 वोटों से हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा किया.
नगर पालिका जशपुर का रिजल्ट: नगर पालिका जशपुर में भाजपा प्रत्याशी अरविंद भगत ने कांग्रेस प्रत्याशी हीरु राम निकुंज को 3,154 वोटों के बड़े अंतर से हराया. यहां भाजपा ने 18 पार्षद सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस को मात्र 1 सीट मिली और 1 निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुआ.
नगर पंचायत बगीचा का चुनाव परिणाम: नगर पंचायत बगीचा में भाजपा प्रत्याशी प्रभात सेदाम ने कांग्रेस की कांति बाई को 1,342 वोटों से हराया. इस निकाय में भाजपा के 8 पार्षद, कांग्रेस के 3 पार्षद और 4 निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए.
कोतबा नगर पंचायत रिजल्ट: कोतबा नगर पंचायत में कांग्रेस प्रत्याशी हितेंद्र पैंकरा ने भाजपा प्रत्याशी उमाशंकर भगत को 92 वोटों से शिकस्त दी. यहां कांग्रेस के 8 पार्षद और भाजपा के 7 पार्षद जीते.
पत्थलगांव नगर पंचायत का परिणाम: पत्थलगांव नगर पंचायत के पार्षद चुनाव में भाजपा ने 8 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस को 5 सीटें मिलीं और 2 निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए। कुनकुरी नगर पंचायत में भाजपा के 8 और कांग्रेस के 7 पार्षद जीते.
नगर पालिका जशपुर में भाजपा की बादशाहत रही बरकरार: जशपुर जिले में भारतीय जनता पार्टी के सबसे मजबूत गढ़ जशपुर में हुए नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा ने अध्यक्ष सहित 18 पार्षद पदों पर विजय पताका लहरा कर अपनी बादशाहत कायम रखी है. चुनाव के दौरान कांग्रेस और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर के कयासों को दरकिनार करते हुए एक तरफा जीत हासिल किया.