चंडीगढ़: सूत्रों के अनुसार आज हरियाणा मंत्रिमंडल का पहला विस्तार हो सकता है. शाम 4:00 बजे के बाद हो सकता है हरियाणा कैबिनेट का विस्तार संभव है. दरअसल बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज हरियाणा में चुनावी रैली को लेकर शंखनाद करने जा रहे हैं. ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि जेपी नड्डा के कार्यक्रम के बाद नायब सिंह सैनी मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है. सूत्रों के मुताबिक हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने आला नेताओं के साथ कैबिनेट में शामिल किए जाने वाले नामों के साथ ही पार्टी के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री अनिल विज को लेकर भी बात की है.
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने गुरुद्वारा नाडा साहिब में टेका माथा:हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने आज (मंगलवार, 19 मार्च को) सुबह पंचकूला स्थित गुरुद्वारा नाडा साहिब में माथा टेका. गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के बाद उन्होंने भाजपा सरकार के बीते 10 वर्षों के कार्य व उपलब्धियां गिनाईं. उन्होंने कहा कि 10 वर्षों में भाजपा की केंद्र सरकार के कार्यों और उपलब्धियां को लेकर लोगों के बीच जा रहे हैं.
सभी दस सीटों पर कमल खिलेगा: मुख्यमंत्री नायब सैनी ने लोकसभा चुनावों के संबंध में कहा "भाजपा सरकार के ऐतिहासिक कार्यों के आधार पर प्रदेश में सभी 10 सीटों पर कमल का फूल दोबारा खिलेगा. हमारी सरकार में बिना खर्च बिना पर्ची के नौकरियां मिली. चिरायु योजना समेत हर योजना का लाभ देने का काम किया. करनाल से पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल को लोकसभा का प्रत्याशी बनाया गया है और वहीं से आज चुनाव प्रचार का श्रीगणेश किया जाएगा. इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करनाल के घरौंडा आएंगे.
अनिल विज का मार्गदर्शन मिलेगा: मुख्यमंत्री नायब सैनी ने उनसे दूरी बनाने वाले प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री रहे अनिल विज से संबंधित सवाल पर कहा कि अनिल विज हमारे वरिष्ठ नेता हैं. उन्होंने कहा कि पहले भी अनिल विज का मार्गदर्शन उन्हें मिलता रहा है और आगे भी मिलता रहेगा.