गोरखपुर: काफी समय से बंद चल रही गोरखपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद की कमान पहली बार किसी महिला के हाथ में आई है. पार्टी की जुझारू और संघर्षशील नेता के रूप में पहचान बना चुकीं निर्मला पासवान को पार्टी ने जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है. ग्राम प्रधान और जिला पंचायत सदस्य रह चुकीं निर्मला पासवान पार्टी के कई दायित्वों का निर्वहन कर चुकी हैं. जिलाध्यक्ष बनने के बाद अब उनके समक्ष सबसे बड़ी चुनौती अंदरूनी गुटबाजी को खत्म कर पार्टी को फिर से जिले में खड़ा करना होगा.
कांग्रेसियों ने नवनियुक्त कांग्रेस जिलाध्यक्ष का किया स्वागत
- नवनियुक्त कांग्रेस जिलाध्यक्ष के प्रथम आगमन को लेकर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर देखने को मिली.
- जगह-जगह कांग्रेसियों ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष का स्वागत किया.
- वहीं नवनियुक्त अध्यक्ष ने भी शहर में लगे विभिन्न महापुरुषों की मूर्तियों पर माल्यार्पण किया.
- गोलघर के चेतना तिराहे पर स्थित पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर नए अध्यक्ष ने माल्यार्पण किया.
- पहली बार किसी महिला के जिलाध्यक्ष बनने से महिला कांग्रेसियों में एक अलग सा उत्साह देखने को मिला.
इसे भी पढ़ें- एकदिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे CM योगी, करेंगे समीक्षा बैठक
महिला जिलाध्यक्ष बनाने के पीछे पार्टी का मुख्य उद्देश्य यही है कि महिलाओं को बराबर का हक मिले. साथ ही 50% आरक्षण महिलाओं को मिल सके. अध्यक्ष बनने के बाद पहली प्राथमिकता कांग्रेस पार्टी को घर-घर तक पहुंचाने की होगी. साथ ही आने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रदेश में सरकार बनाए, यह मेरी पहली प्राथमिकता होगी.
-निर्मला पासवान, नवनियुक्त जिलाध्यक्ष, कांग्रेस पार्टी