राजसमंद. प्रदेश में बढ़ती महिला दुष्कर्म की वारदातें, किसानों के समर्थन में और बिजली के बढ़ते दामों के विरोध में गुरुवार को भाजपा महिला मोर्चा ने हल्ला बोल कार्यक्रम किया. इस दौरान भाजपा महिला संगठन से जुड़ी महिलाओं ने सांकेतिक प्रदर्शन किया और राज्यपाल के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा.
इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में अंदर घुसने को लेकर महिलाओं की पुलिस कर्मियों के साथ कहासुनी भी हुई. इससे पहले महिलाओं ने पुराने कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधीश कार्यालय तक सांकेतिक रैली भी निकाली. रैली के दौरान महिलाएं गहलोत सरकार की जन विरोधी नीतियों को लेकर नारेबाजी करते हुए चल रही थी. जब महिलाओं की अपेक्षित भीड़ नहीं जुटने के बारे में जब भाजपा जिला उपाध्यक्ष संगीता चौहान से सवाल पूछा गया तो उनका कहना था कि जिले में लगी आचार संहिता और कोरोना के बढ़ते प्रकोप के कारण सिर्फ सांकेतिक प्रदर्शन का फैसला किया है. ऐसे में चिन्हित महिलाएं ही इस प्रदर्शन में शामिल हुई हैं.
इस प्रदर्शन के दौरान भाजपा जिला चुनाव प्रभारी नारायण सिंह देवल, सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल, राजसमंद चुनाव संगठन प्रभारी वीरेंद्र सिंह चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेंद्र पुरोहित, जिला महामंत्री सुनील जोशी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष संगीता चौहान समेत कई महिलाएं और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे.