झुंझुनू. लॉकडाउन के कारण जो श्रमिक अपने गृह राज्य बिहार नहीं जा सकें, उनको बिहार भिजवाने के लिए जिला प्रशासन की कोशिश मंगलवार को साकार हो गई. जिले में काफी संख्या में बिहार राज्य के श्रमिक रह रहे थे. जिन्हें भेजने के लिए जिला प्रशासन लगातार राज्य सरकार और उच्च स्तरीय अधिकारियों के सम्पर्क में था. आपसी समन्वय के बाद मंगलवार को यह ट्रेन बिहार के किशनगंज के लिए रवाना हो गई.
जिले के सभी उपखंडों से बसों के माध्यम से बिहार के लोगों को झुंझुनू रेलवे स्टेशन लाया गया. यहां पर उनकी मेडिकल जांच की गई. बता दे की लगभग 1,423 लोगों के रवाना होने की सूचना है. जिला कलेक्टर उमरदीन खान ने बताया कि जिले में रह रहे अन्य राज्यों के लोगों को किसी भी प्रकार की समस्याएं नहीं है. उनका हर स्तर पर ध्यान रखा जा रहा है. राज्य सरकार के निर्देशों के तहत अब जो अपने राज्य जाना चाहते हैं उन्हें भिजवाने का कार्य किया जा रहा है.
पढ़ेंः बड़ा फैसला: गहलोत सरकार ने लॉकडाउन 4.0 में छूट का दायरा और बढ़ाया, जानिए किन प्रतिबंधों से हटी रोक
जिला कलेक्टर ने बताया कि मंगलवार को श्रमिक प्रवासियों को उपखंडों से झुंझुनू रेलवे स्टेशन तक लाने, यहां से बिहार भेजने, उनके भोजन, पीने के पानी, मास्क, सैनिटाइजर आदि की व्यवस्था निःशुल्क की गई है. जिला कलेक्टर ने बताया कि इस सम्पूर्ण कार्य के लिए राज्य सरकार 11 लाख 4 हजार रुपए का खर्च वहन करेगी.
उपखंड का नाम | जाने वालों की संख्या |
झुंझुनू | 674 |
मलसीसर | 250 |
चिड़ावा | 56 |
सूरजगढ़ | 130 |
खेतड़ी | 13 |
बुहाना | 24 |
नवलगढ | 171 |
उदयपुरवाटी | 105 |
योग | 1423 |