दमोह। जिले के यशवंत सिंह चौक पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल की कोशिशों से प्रतिमा की स्थापना की गई है. शहीद यशवंत सिंह की प्रतिमा स्थापना के बाद सोमवार को एक कार्यक्रम का आयोजन होना था, लेकिन दमोह में लॉकडाउन के चलते इस कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया और अब केवल प्रतिमा का अनावरण कर दिया गया है. इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने स्वयं पहुंचकर प्रतिमा का अनावरण किया.
आजादी के नायक शहीद यशवंत सिंह के बलिदान को याद करने के लिए बीते साल केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने यशवंत सिंह चौक पर प्रतिमा स्थापना की घोषणा की थी.
![Martyr Yashwant Singh's statue unveiled](https://etvbharatimages.akamaized.net/etvbharat/prod-images/8186608_940_8186608_1595828330812.png)
अपनी घोषणा के अनुसार उन्होंने जयपुर से इस प्रतिमा को बनवाकर चौक पर स्थापित किया है. वहीं सोमवार को एक बड़ा आयोजन किया जाना था, लेकिन लॉकडाउन के चलते ये आयोजन स्थगित कर दिया गया.
वहीं संस्कृति मंत्री ने कुछ खास लोगों के साथ नियमों का पालन करते हुए प्रतिमा का अनावरण किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि शहीद यशवंत सिंह के बलिदान को याद करने के लिए ये स्थान बनाया गया है, साथ ही यहां की मर्यादा रखने का काम समाज का है, सरकार का नहीं है. उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर इस स्थान को पवित्र बना कर रखें और शहीद यशवंत सिंह की यादों को लोगों के बीच बांटने का काम करें.
शहीद यशवंत सिंह की प्रतिमा के अनावरण के लिए कुछ समय के लिए पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने फटाफट प्रतिमा का अनावरण किया, उसके बाद वे वहां से रवाना हो गए, क्योंकि लॉकडाउन के चलते किसी भी तरह से नियमों का उल्लंघन ना हो इसका आयोजकों ने विशेष रूप से ख्याल रखा था. इसी के चलते कार्यक्रम को भी छोटा करके प्रतिमा का अनावरण केंद्रीय मंत्री द्वारा किया गया.