रांचीः झारखंड में काफी जद्दोजहद के बाद गुरुवार यानी 28 दिसंबर से धान खरीद की शुरुआत हुई. राज्य के सभी जिलों में किसानों से धान खरीदने के लिए लैम्प्स में व्यवस्था की गई है. रांची के नामकुम में स्टेट फूड कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक यतीन्द्र प्रसाद की मौजूदगी में किसानों से धान खरीद की शुरुआत हुई. इस मौके पर स्थानीय विधायक राजेश कच्छप, लैम्प्स मैनेजर नीरज कुमार सहित कई लोग मौजूद थे. इस अवसर पर स्टेट फूड कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक यतींद्र प्रसाद ने कहा कि राज्य सरकार ने इस साल 60 लाख क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य बनाया है. आज से इसकी शुरुआत हो रही है और इसके लिए सभी जिलों को लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
धान खरीद के लिए जिलों को निर्धारित लक्ष्यः
जिला | धान खरीद का लक्ष्य (क्विंटल में) |
गढवा | 200000 |
चतरा | 150000 |
कोडरमा | 100000 |
गिरीडीह | 350000 |
देवघर | 300000 |
गोड्डा | 200000 |
साहिबगंज | 200000 |
पाकुड़ | 200000 |
धनबाद | 200000 |
बोकारो | 200000 |
लोहरदगा | 250000 |
पूर्वी सिंहभूम | 600000 |
पलामू | 200000 |
लातेहार | 200000 |
हजारीबाग | 350000 |
रामगढ़ | 200000 |
दुमका | 300000 |
जामताड़ा | 200000 |
रांची | 350000 |
खूंटी | 150000 |
गुमला | 300000 |
सिमडेगा | 200000 |
प.सिंहभूम | 300000 |
सरायकेला खरसावां | 300000 |
230826 किसान अब तक हैं निबंधित, पहले दिन 1457 क्विंटल धान की हुई खरीदः राज्य में 2 लाख 30 हजार 826 किसानों ने धान बेचने के लिए विभाग में निबंधन कराया है. पहले दिन राज्यभर में 38 किसानों से 1457 क्विंटल धान खरीदे गए. विभाग के द्वारा 50 मिलर को टैग किया गया है, जो धान का उठाव लैंप्स के गोदाम से करेंगे. हालांकि निबंधित मिलों की संख्या राज्यभर में 90 है. किसानों को सरकार के द्वारा इस साल निर्धारित किए गए न्यूनतम समर्थन मूल्य 2300रु. प्रति क्विंटल की दर से धान का मूल्य मिलेगा.
गौरतलब है कि राज्य में आमतौर पर हर साल 15 दिसंबर से धान खरीद की शुरुआत होती थी, इस बार करीब 13 दिन विलंब से इसकी शुरुआत हुई है. हालांकि राज्य में लगातार दूसरे साल कम बारिश होने की वजह से धान की उपज कम होने की आशंका जताई गई है. जिस वजह से निर्धारित लक्ष्य को पूरा करना बेहद ही कठिन है. पिछले खरीफ मौसम यानी 2022-23 में इसी तरह की स्थिति पैदा हुई थी, जिस वजह से निर्धारित लक्ष्य 80 लाख क्विंटल को बाद में 36,30,000 क्विंटल करना पड़ा. इसके बाबजूद धान की खरीद 17,16,078.88 क्विंटल ही हो सकी.
ये भी पढ़ेंः
झारखंड में धान खरीद में देरी, किसानों को अभी करना पड़ेगा इंतजार, जानिए क्या है वजह
झारखंड में 15 दिसंबर से धान खरीद की तैयारी, जानिए सरकार की क्या है तैयारी