रांचीः खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 में झारखंड का बेहतर प्रदर्शन जारी है. पांचवे दिन झारखंड को एथलेटिक्स में स्वर्ण, एक रजत, एक कांस्य पदक प्राप्त हुआ है. इसके साथ ही झारखंड के सदानंद कुमार (Jharkhand athlete Sadanand Kumar) तेज धावक बनकर उभरे.
इसे भी पढ़ें- Khelo India Youth Games: सेमीफाइनल में पहुंची हॉकी झारखंड टीम, पंजाब को 6-1 से दी करारी मात
युवा मामले और खेल मंत्रालय भारत सरकार की ओर से हरियाणा (पंचकुला) में 3 जून से 13 जून तक खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 (Khelo India Youth Games 2022) आयोजन किया जा रहा है. इसके लिए खेल कूद युवा कार्य निदेशालय झारखंड सरकार रांची के नेतृत्व में झारखंड के एथलीट भाग ले रहे हैं. टूर्नामेंट में सदानंद कुमार ने पांचवें दिन स्वर्ण के सुखाड़ को समाप्त करते हुए झारखंड की झोली में एक स्वर्ण पदक डाल दिया है.

हजारीबाग के सदानंद कुमार ने 100 मीटर फर्राटा दौड़ में गोल्ड मेडल हासिल किया है. इतना ही नहीं सदानंद कुमार ने पूर्व में ऋतिक मल्लिक द्वारा मंगलागिरी 2019 में बनाए गए 10.65sec के रिकार्ड को तोड़ते हुए 10.63sec के समय के साथ ये स्वर्ण पदक जीता है. वहीं इसी स्पर्धा में रांची के आशु कुमार सिंह ने 10.79 सेकेंड के साथ झारखंड के लिए कांस्य पदक जीता है. झारखंड की बालक टीम 4 गुणा 100 मीटर रिले में विशाल कुमार, आशू कुमार सिंह, विशाल बहादुर, सदानंद कुमार की चौकड़ी ने झारखंड को रजत पदक दिलाया है.
झारखंड के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर झारखंड के खेल निदेशक जीशान कमर, हजारीबाग की उपायुक्त नैंसी सहाय, झारखंड एथलेटिक्स संघ (Jharkhand Athletics Federation) के अध्यक्ष मधुकांत पाठक, सचिव सीडी सिंह, एसके पांडे ने शुभकामनाएं दीं. इसके अलावा नोडल ऑफिसर प्रमोद शरण, सीडीएम उपवन बाड़ा, अनवर हुसैन समेत राज्य के खेल प्रेमियों ने टीम प्रशिक्षक योगेश यादव, टीम मैनेजर राजू साहू समेत विजेता खिलाडियों को बधाई दी है.