रांची: राजधानी के लोग नगर निगम की कार्यशैली से परेशान हैं. स्थानीय लोगों को नगर निगम में जन्म प्रमाण पत्र बनवाना हो और मृत्यु प्रमाण पत्र इसके लिए लोगों को महीनों नगर निगम के चक्कर काटने पड़ रहे हैं, फिर भी प्रमाण पत्र नहीं बन रहा है.

स्थानीय लोगों ने नगर निगम के कर्मचारियों की शिकायत अधिकारियों से की लेकन नतीजा सिफर साबित हो रहा है. रांची नगर निगम में जन्म या मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के लिए लोगों को घंटों लाइन में खड़ा होना पड़ता है, लेकिन नतीजा ढाक के तीन पात ही रहता है. रांची नगर निगम में अधिकारी अक्सर नदारद रहते हैं और जो रहते हैं वो काम न करने के कारण लोगों को टालमटोल करते.
नगर निगम की लापरवाही इतनी ज्यादा है कि लोगों के महीनों चक्कर काटने के बाद भी अगर प्रमाण पत्र बन जाता है तो उसमें कुछ न कुछ गलतियां रह ही जाती हैं, जिसके कारण लोगों को फिर से निगम के चक्कर काटने पड़ते हैं. स्थानीय लोग जब भी इसकी शिकायत किसी अधिकारी से करते हैं तो आश्वासन देकर चुप बैठ जाते हैं. निगम की इस तरह की कार्यशैली पर अब सवाल उठने लगे हैं.