रांची: पिछले वर्ष 18 दिसम्बर 2021 को रांची में झारखंड मुक्ति मोर्चा का 12 वां महाधिवेशन हुआ था. इस महाधिवेशन में शिबू सोरेन को पार्टी का केंद्रीय अध्यक्ष और हेमंत सोरेन को कार्यकारी अध्यक्ष चुन लिया गया था. इस महाधिवेशन में कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के नाम तय करने की जवाबदेही सर्वसम्मति से कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन को सौंप दी गयी थी पर महाधिवेशन के एक महीने बाद भी केंद्रीय नेतृत्व पार्टी के केंद्रीय पदाधिकारियों के नाम की घोषणा नहीं कर पाया है.
ये भी पढ़ें- झामुमो केंद्रीय कार्यसमिति के 246 सदस्यों के नाम का ऐलान, पदाधिकारियों की घोषणा का इंतजार, जानें किसको मिली जगह
246 सदस्यीय केंद्रीय समिति की ही हुई थी घोषणा: 18 दिसम्बर 2021 को रांची में 12 वें महाधिवेशन के 15वें दिन यानी 02 जनवरी 2022 को पार्टी ने 246 उन लोगों के नाम की घोषणा की थी जो केंद्रीय समिति के सदस्य बनाये गए थे. इस सूची में भी लोबिन हेम्ब्रम जैसे कद्दावर नेता का नाम शामिल नहीं था.
पदाधिकारियों के नामों की घोषणा बाकी: झारखंड मुक्ति मोर्चा के संविधान में 12 वें महाधिवेशन में संशोधन के बाद केंद्रीय उपाध्यक्ष, केंद्रीय महासचिव सहित कई पदों की संख्या घटा देने का बाद भी जेएमएम नेतृत्व अभी तक यह तय नहीं कर पाया है कि संगठन में किसे कौन सी जिम्मेवारी दी जाए. ऐसे में केंद्रीय अध्यक्ष और कार्यकारी अध्यक्ष के अलावा केंद्रीय उपाध्यक्ष, केंद्रीय महासचिव, केंद्रीय सचिव, कोषाध्यक्ष, केंद्रीय प्रवक्ता कौन होंगे यह कोई नहीं जानता.
क्या कहते हैं पार्टी के पूर्व केंद्रीय प्रवक्ता: झामुमो के निवर्तमान केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडेय कहते हैं कि संभव है कि गणतंत्र दिवस समारोह में दुमका से लौटने के बाद पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पार्टी के केंद्रीय पदाधिकारियों के नाम की घोषणा कर दें. मनोज पांडेय ने कहा कि एक सशक्त टीम बनाने और कुछ संभावित बदलाव की वजह से केंद्रीय पदाधिकारियों के नाम की घोषणा में देरी हो रही है.