नई दिल्ली: राष्ट्रपति चुनाव 2022 (Presidential elections 2022) को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष तैयारियों में जुटा हैं. एनडीए की तरफ से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) सभी दलों से समर्थन मांग रही हैं. वहीं, विपक्ष के कैंडीडेट पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा हैं. इसी सिलसिले में एनडीए ने 10 जुलाई को राजधानी दिल्ली में अपने घटक दलों की बैठक बुलाई है. बता दें, यह बैठक राष्ट्रपति चुनाव 2022 और मानसून सत्र (Monsoon Session 2022) के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
बता दें, राष्ट्रपति चुनाव 2022 18 जुलाई को होने हैं और रिजल्ट 21 को आएगा. अभी तक जो स्थिति है उसके मुताबिक एनडीए की जीत तय मानी जा रही है. वहीं, यशवंत सिन्हा अपने प्रचार में लगातार द्रौपदी मुर्मू पर हमले कर रहे हैं. जानकारी के मुताबिक मानसून सत्र (Monsoon Session 2022) को लेकर भी एनडीए इस बैठक में रणनीति बनाने की कोशिश करेगी. इसके साथ-साथ एनडीए की इस बैठक में दोनों सदनों के सभी सांसद चुनाव में भाग लेने की प्रक्रिया के बारे में बताएंगे और पूरी प्रक्रिया की मॉक ड्रिल भी सदस्यों को दिखाई जाएगी. सूत्रों ने बताया कि इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिस्सा लेंगे.
पढ़ें: ममता बनर्जी ने माना- राष्ट्रपति चुनाव में जीत सकती हैं एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू
राष्ट्रपति चुनाव 2022 (Presidential elections 2022) के लिए एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने अपनी उम्मीदवारी के लिए 24 जून को अपना नामांकन दाखिल किया था. मुर्मू भारत के इतिहास में पहली बड़ी आदिवासी महिला राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार हैं. एक बार निर्वाचित होने के बाद, वह भारत की पहली आदिवासी राष्ट्रपति और दूसरी महिला राष्ट्रपति होंगी. वह ओडिशा से पहली बड़ी राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार हैं और एक बार निर्वाचित होने के बाद, वह ओडिशा राज्य से पहली उम्मीदवार होंगी. अपने सहयोगियों के अलावा, एनडीए के उम्मीदवार मुर्मू को वाईएसआर, कांग्रेस, बीजद और अकाली दल का भी समर्थन प्राप्त है.