सूरजपुर: सरगुजा के भूतपूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और सूरजपुर के जिला पंचायत सदस्य रहे विजय प्रताप सिंह के निधन के बाद केंद्रीय राज्यमंत्री और सरगुजा सांसद रेणुका सिंह के रामानुजनगर स्थित निवास पर शोक सभा रखी गई.
इस दौरान क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने दिवंगत विजय प्रताप सिंह के जीवनकाल में किए गए कार्यों और उनकी राजनीतिक जुझारू शैली को याद करते हुए उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की.
वीडियो कॉल के माध्यम से शामिल हुईं केंद्रीय राज्य मंत्री
कार्यकर्ताओं ने इस दौरान 2 मिनट का मौन धारण किया और पुण्यात्मा की शांति की कामना की. इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने वीडियो कॉल के माध्यम से दिवंगत विजय प्रताप सिंह को याद किया और श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कार्यकर्ताओं को भी संबोधित किया.
पार्टी के जुझारू और कर्मठ सिपाही थे: रेणुका सिंह
रेणुका सिंह ने कहा कि विजय प्रताप सिंह पार्टी के जुझारू और कर्मठ सिपाही थे. उन्होंने राजनीतिक चुनौतियों को कई मर्तबा स्वीकार किया और उन चुनौतियों का सामना करते हुए जीत हासिल की. भाजपा के सच्चे सिपाही का इस तरह हम सबको छोड़कर असमय चले जाने से पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है.
शोक सभा में क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता शैलेश्वर सिंह, जयप्रकाश उपाध्याय समेत जिले के भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए.
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहे शिवप्रताप सिंह के पुत्र थे विजय प्रताप
बता दें कि विजय प्रताप सिंह राज्यसभा सासंद और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहे शिवप्रताप सिंह के पुत्र थे. उनका निधन बीते कुछ दिन पहले कोयंबटूर में हुआ था. वे किडनी की बीमारी से पीड़ित थे. विजय प्रताप सिंह सूरजपुर जिले के कद्दावर नेता माने जाते थे.