रायपुर: छत्तीसगढ़ साहित्य महोत्सव और राष्ट्रीय किताब मेले का आयोजन राजधानी में 15 से 23 फरवरी के बीच किया जा रहा है. BTI मैदान में होने वाले इस साहित्य महोत्सव में देश भर के चुने हुए 100 से अधिक साहित्यकार और हजारों पाठक शामिल होंगे. इस दौरान कई पुस्तकों का विमोचन भी किया जाएगा. साथ ही शाम के वक्त रंगमंच की प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी.
करीब 60 से अधिक देशभर के प्रतिष्ठित प्रकाशक भी अपनी किताबों के स्टॉल यहां लगा रहे हैं. साहित्य महोत्सव और राष्ट्रीय किताब मेले का उद्घाटन देश के प्रसिद्ध शायर मुनव्वर राणा करेंगे.
देश से कई साहित्य प्रेमी मेले में होंगे शामिल
इधर आयोजन कमेटी के संयोजक नागेंद्र दुबे ने बताया कि छत्तीसगढ़ साहित्य महोत्सव के लिए लंबे समय से तैयारी चल रही थी. राष्ट्रीय किताब मेला और साहित्य महोत्सव का आयोजन संयुक्त रूप से किया जा रहा है. इस आयोजन में साहित्य ,संस्कृति, सिनेमा, लोक कला और समसामयिक विषयों पर कार्यक्रम होंगे जिसमें प्रदेश के अलावा देश से बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी भी शामिल होंगे.