रायपुर: छत्तीसगढ़ से दक्षिण पश्चिम मानसून के साथ ही प्रदेश में ठंड ने दस्तक दे दी है. शुक्रवार को अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री दर्ज किया गया है. वही सबसे अधिक न्यूनतम तापमान प्रदेश में रायपुर में 15.4 डिग्री दर्ज किया गया है. जो अंबिकापुर की तुलना में लगभग 6 डिग्री अधिक है. आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और भी गिरावट आने की संभावना है. बस्तर संभाग में अगले 2 दिनों के दौरान 2 से 3 डिग्री न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना है. राजधानी रायपुर में सुबह से ठंडी हवा चलने के कारण ठंड का एहसास जरूर हो रहा है. लेकिन दोपहर के समय तेज धूप के कारण हल्की गर्मी भी महसूस की जा रही है.
यह भी पढ़ें: आदिवासी आरक्षण के संशोधन को मिलेगी तत्काल मंजूरी: राज्यपाल अनुसुईया उइके
छत्तीसगढ़ का मौसम पूर्वानुमान: मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि "प्रदेश में उत्तर से शुष्क और ठंडी हवा का आगमन हो रहा है. जिसके कारण प्रदेश का मौसम शुष्क रहने की संभावना है. इस दौरान न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है. लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर लगातार जारी रहने की भी संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग के मुताबिक बस्तर संभाग में अगले 2 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री के गिरावट संभावित है."
प्रदेश के शहरों का तापमान: शुक्रवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री, माना एयरपोर्ट पर अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री, बिलासपुर का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री, पेंड्रा रोड का अधिकतम तापमान 26 डिग्री न्यूनतम तापमान 10 डिग्री, अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 23.3 डिग्री न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री, जगदलपुर का अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री, दुर्ग का अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री, राजनांदगांव का अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री दर्ज किया गया.