लखनऊ: पहाड़ों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में मंगलवार को बादलों की आवाजाही रही. झांसी व उसके आसपास के इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 20 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में गरज चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की जाएगी. 20 फरवरी के बाद फिर से अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी.
लखनऊ में मंगलवार को सुबह व शाम के समय हल्की धुंध छाई रही, दिन में तेज धूप निकली. दोपहर बाद अचानक बादलों की भी आवाजाही शुरू हो गई. शाम तक मौसम फिर से साफ हो गया. बादलों के कारण दोपहर बाद मौसम में हल्का बदलाव हुआ. अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है. न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है.
लखनऊ का मौसम: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बुधवार को सुबह व शाम के समय हल्की धुंध छाई रहेगी. दिन में आसमान साफ रहेंगे, तेज धूप खिलेगी. अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
बुलंदशहर रहा सबसे ठंडा: उत्तर प्रदेश का बुलंदशहर मंगलवार को सबसे ठंडा जिला रहा, जहां पर न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं प्रयागराज सबसे अधिक गर्म जिला रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक है.
यूपी का मौसम: मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि यूपी में 48 घंटे तक अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की जाएगी. इसके बाद फिर से तापमान में वृद्धि होगी. फरवरी तक अधिकतम तापमान 28 -32 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
ये भी पढ़ेंः यूपी में फिर सक्रिय हो रहा पश्चिमी विक्षोभ; 20 फरवरी से बारिश की संभावना, तापमान में होगी गिरावट