खूंटीः केंद्रीय मंत्री सह खूंटी लोकसभा सीट के प्रत्याशी अर्जुन मुंडा शनिवार शाम पूर्व सांसद सह पद्मभूषण करिया मुंडा से उनके अनिगढ़ा स्थित उनके घर पहुंचकर आशीर्वाद लिया. टिकट मिलने के बाद पहली बार केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा करिया मुंडा से आशीर्वाद लेने उनके आवास पहुंचे थे. केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने करिया मुंडा के साथ घंटों चुनाव की तैयारी पर चर्चा की.
पिछले चुनाव में भी करिया मुंडा ने अर्जुन मुंडा के लिए किया था प्रचार
बताते चलें कि 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए अर्जुन मुंडा को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद भी अर्जुन मुंडा करिया मुंडा से मिलने उनके आवास पहुंचे थे. सांसद रहते करिया मुंडा ने अर्जुन मुंडा का जोरदार स्वागत किया था और अर्जुन मुंडा को जीत दिलाने के लिए पूरी मेहनत की थी. खूंटी लोकसभा क्षेत्र के छह विधानसभा क्षेत्रों में बहुत ही कम अंतर से अर्जुन मुंडा ने जीत हासिल की थी. बताया जाता है कि तमाड़ विधानसभा क्षेत्र से मिले मतों के कारण अर्जुन मुंडा जीत के आंकड़े पर पहुंचे थे और उन्हें जीत दिलाने में करिया मुंडा ने कड़ी मेहनत की थी.
अर्जुन मुंडा को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं करिया
वहीं उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार के लोकसभा चुनाव में भी अर्जुन मुंडा को जीत दिलाने के लिए करिया मुंडा ने तैयारी कर ली है. कयास लगाए जा रहे हैं कि अर्जुन और करिया की ये मुलाकात जीत को लेकर चुनावी गणित का हिस्सा है.
इंडिया गठबंधन ने नहीं किया है प्रत्याशी का एलान
उधर, इंडिया गठबंधन की ओर से खूंटी लोकसभा सीट से उम्मीदवार के नाम की घोषणा अभी नहीं की गई है. हालांकि पूर्व प्रत्याशी सह कांग्रेस उपाध्यक्ष कालीचरण मुंडा ने भी अपनी ओर से कमर कस ली है.
ये भी पढ़ें-
लोकसभा चुनाव 2024: खूंटी लोकसभा सीट का सफरनामा, यहां से करिया मुंडा ने लगातार 8 बार दर्ज की जीत
कड़िया मुंडा ने कहा- किसी नेता के आने से कोई चुनाव नहीं जीतता, खूंटी में नहीं गलेगी कांग्रेस की दाल