रांची: 26 जनवरी को पूरा देश दिल्ली में कर्तव्य पथ पर झारखंड की विरासत, विकास और संस्कृति की झलक देखेगा. गणतंत्र दिवस 2025 के अवसर पर दिल्ली में झारखंड की झांकी का भी चयन किया गया है.
झारखंड की झांकी का चयन
गणतंत्र दिवस 2025 के अवसर पर दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए झारखंड समेत 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की झांकियों का चयन किया गया है. झारखंड ने भी गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम की पूरी तैयारी कर ली है. इस वर्ष झारखंड की झांकी में स्वर्गीय रतन टाटा को श्रद्धांजलि देने के साथ ही झारखंड की समृद्ध संस्कृति, यहां का पारंपरिक नृत्य, शिक्षा के क्षेत्र में नारी शक्ति के बढ़ते कदम आदि को प्रदर्शित किया जाएगा. इससे पहले 2024 में दिल्ली गणतंत्र दिवस परेड के अवसर पर तसर सिल्क पर आधारित झांकी प्रदर्शित की गई थी.
देश भर से झांकियां होंगी शामिल
झारखंड पीआरडी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से झांकियों का प्रारूप मांगा था. विभिन्न चरणों की चयन प्रक्रिया के बाद मात्र 15 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की झांकियों का चयन दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रदर्शन के लिए किया गया है. चयन प्रक्रिया में झारखंड की झांकी के प्रारूप की अधिकारियों ने सराहना की है. सभी चयनित राज्यों की झांकियों को 19 जनवरी 2025 तक नई दिल्ली में तैयार कर देना है तथा 23 जनवरी 2025 को पूर्ण वेशभूषा के साथ उनका पूर्वाभ्यास भी किया जाना है.
यह भी पढ़ें:
कर्तव्य पथ पर झारखंड की रेशमी चमक! गणतंत्र दिवस पर सिल्क उत्पादन की झांकी को लोगों ने खूब सराहा
झारखंडी सिल्क की चमक से चमकेगा कर्तव्य पथ, गणतंत्र दिवस समारोह में शानदार होगी झारखंड की झांकी