हिसार: 10 मार्च को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू हरियाणा दौरे पर रहेंगी. हिसार के गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में 10 मार्च 2025 को होने वाले छठे दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी. इस अवसर पर हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मौजूद रहेंगे. समारोह में पीएचडी, स्नातक, और स्नातकोत्तर डिग्रियों के साथ मेडल्स प्रदान किए जाएंगे.
हिसार में ऐतिहासिक दीक्षांत समारोह की तैयारी: हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) में आगामी 10 मार्च को छठा दीक्षांत समारोह आयोजित होने जा रहा है. भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस समारोह की मुख्य अतिथि होंगी. विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर नरसी राम बिश्नोई ने बताया कि राष्ट्रपति कार्यालय से इसकी औपचारिक स्वीकृति मिल चुकी है और तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं.
राष्ट्रपति के आगमन से बढ़ा उत्साह: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का ये दौरा विश्वविद्यालय के लिए पहला मौका होगा, जब देश का सर्वोच्च नागरिक यहां उपस्थित होगा. इस अवसर पर हरियाणा के राज्यपाल और विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बंडारू दत्तात्रेय के साथ-साथ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राज्य के अन्य वरिष्ठ मंत्री भी मौजूद रहेंगे. कुलपति ने कहा कि दीक्षांत समारोह किसी भी शैक्षणिक संस्थान का सबसे प्रतिष्ठित आयोजन होता है, और राष्ट्रपति के हाथों डिग्री प्राप्त करना छात्रों के लिए अविस्मरणीय अनुभव होगा.