नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर के इलाका में इन दिनों मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. बुधवार को दिल्ली में ठंडी हवाएं चलने की वजह से दिन में बढ़ते तापमान पर ब्रेक लग गया और दिन में ठंडक का एहसास होने लगा. वहीं मौसम विभाग ने दिल्ली में आज भी तेज रफ्तार से ठंडी हवाओं के चलने का अनुमान जताया है. बुधवार को हवाओं की वजह से अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रिज का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और पीतमपुरा का 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार गुरुवार को आसमान साफ रहेगा. इस दौरान अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. 14 फरवरी को सुबह के समय धुंध रह सकती है. साथ ही तेज गति से हवाओं के चलने का अनुमान जताया है. इसकी गति 20 से 30 किमी प्रति घंटे के आसपास रह सकती है. अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. वहीं, 15 फरवरी से हवाएं कमजोर पड़ जाएंगी. आंशिक बादल छाए रह सकते हैं. तापमान एक बार फिर बढ़ना शुरू हो जाएगा.