चंडीगढ़: पहाड़ों में हो रही बर्फबारी के चलते उत्तर भारत समेत हरियाणा में शीतलहर और कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है. ऐसे में मौसम विभाग ने 10 जनवरी 2024 तक का हरियाणा मौसम अपडेट जारी किया है. जिसमें मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में हरियाणा का मौसम कैसा रहेगा. हरियाणा में आज का मौसम कैसा रहेगा? इस बारे में विभाग ने बताया कि आज हरियाणा के 17 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट है. कई जिलों में विजिबिलिटी जीरो हो सकती है.
हरियाणा के 17 जिलो में घने कोहरे का अलर्ट: आज हरियाणा के जिन 17 जिलों में कोहरे का अलर्ट है. उनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह जिला शामिल हैं. 8 जनवरी 2024 को भी हरियाणा में कोहरे का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है. इसके बाद 9 और 10 जनवरी को मौसम साफ रहने की उम्मीद है.
हरियाणा का तापमान:बीते 24 घंटों में हरियाणा का न्यूनतम तापमान महेंद्रगढ़ में 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जो सामान्य से 4.3 डिग्री ज्यादा है. इसके अलावा हरियाणा का अधिकतम तापमान अंबाला में 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जो कि सामान्य के आसपास बना हुआ है. बीते 24 घंटों की बात की जाए तो हरियाणा के करनाल में बूंदाबांदी हुई है. करनाल के अलावा बाकी जिलों में घने कोहरे और शीतलहर की प्रभाव देखने को मिला.