झारखंड

jharkhand

ETV Bharat / state

सीता सोरेन पर विवादित टिप्पणी: भाजपा महिला मोर्चा ने इरफान अंसारी के घर का किया घेराव, मांगा इस्तीफा

सीता सोरेन पर आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा ने रांची में इरफान अंसारी के आवास का घेराव किया.

Irfan Ansari remarks on Sita Soren
इरफान अंसारी के आवास का घेराव करतीं भाजपा नेत्री (ईटीवी भारत)

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : 4 hours ago

रांची:मंत्री इरफान अंसारी द्वारा भाजपा नेत्री सीता सोरेन पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ शनिवार की शाम भाजपा महिला मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन किया. प्रतिकूल मौसम के बावजूद धुर्वा स्थित मंत्री इरफान अंसारी के आवास पहुंची महिलाओं ने नारेबाजी की. महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह और रांची महानगर अध्यक्ष पायल सोनी के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने इरफान अंसारी के आवास का घेराव कर विरोध जताया.

मंत्री के आवास का घेराव कर रही महिला कार्यकर्ताओं ने इरफान अंसारी के बयान को न सिर्फ सीता सोरेन बल्कि पूरे झारखंड की माताओं-बहनों का अपमान बताया और उनके इस्तीफे की मांग की. भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि इरफान अंसारी ने शुक्रवार को सीता सोरेन पर अभद्र टिप्पणी कर न सिर्फ एक महिला नेत्री बल्कि राज्य की सभी माताओं-बहनों के सम्मान को ठेस पहुंचाया है.

हेमंत सरकार महिलाओं का कर रही है अपमान- आरती सिंह

प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष आरती सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सम्मान की बात करते हैं, लेकिन उनकी सरकार के एक मंत्री एक सम्मानित महिला नेता के लिए ऐसी भाषा का प्रयोग करते हैं और हेमंत सोरेन के मुंह से एक भी शब्द नहीं निकलता. उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार में महिलाओं का अपमान कोई नई बात नहीं है, लेकिन अपने ही परिवार की सदस्य सीता सोरेन जी पर की गई बेशर्म टिप्पणी पर उनकी चुप्पी शर्मनाक है. उनकी चुप्पी दर्शाती है कि जो लोग अपने ही परिवार की महिलाओं के सम्मान की रक्षा करने का साहस नहीं रखते, वे राज्य की महिलाओं के हितों की रक्षा कैसे करेंगे?

आरती सिंह ने कहा कि इस घटना ने यह स्पष्ट कर दिया है कि सरकार की प्राथमिकता केवल सत्ता बचाने तक सीमित है, महिलाओं के सम्मान और कल्याण तक नहीं. उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार की चुप्पी ने पूरे राज्य की महिलाओं का मनोबल गिराया है, जिसका झारखंड की महिलाएं इस चुनाव में हर अपमान का जवाब देंगी और गठबंधन सरकार को सत्ता से बाहर कर देंगी. प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने इरफान अंसारी के खिलाफ नारेबाजी की और उन्हें तत्काल बर्खास्त करने की मांग की.

ABOUT THE AUTHOR

...view details