रांची: सदस्यता अभियान को संगठनात्मक पर्व के रूप में मना रही भाजपा लक्ष्य के अनुरूप सदस्य बनाने में विफल रही है. 22 दिसंबर से 31 जनवरी तक चले सदस्यता अभियान में प्रदेश भाजपा ने 10 लाख सदस्य बनाए हैं. हालांकि यह आंकड़ा मिस्ड कॉल से बने सदस्यों से अलग है. मिस्ड कॉल से सदस्य बनने वालों का आंकड़ा भाजपा केंद्रीय नेतृत्व जारी करेगा. जिसके बाद पूरी जानकारी दी जा सकेगी.
भारतीय जनता पार्टी ने सदस्यता अभियान की शुरुआत जोर-शोर से की थी और 60 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया था. सदस्य बनाने में धनबाद सबसे आगे रहा, इसके अलावा जमशेदपुर, रांची और बोकारो जैसे शहरी क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में भाजपा के सदस्य बने हैं.
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा कहते हैं कि सदस्यता का अंतिम आंकड़ा मिस्ड कॉल से बने सदस्यों की संख्या आने के बाद जारी किया जाएगा, जिसे केंद्रीय कार्यालय में सर्वर में दर्ज कर लिया जाता है. लक्ष्य के अनुरूप सदस्य नहीं बनाने के पीछे का कारण बताते हुए प्रदीप सिन्हा कहते हैं कि कुछ तकनीकी कारणों से सदस्यों का आंकड़ा लक्ष्य के अनुरूप नहीं हो सकता है, लेकिन मिस्ड कॉल से बने सदस्यों का आंकड़ा आने के बाद हमारी स्थिति निराशाजनक नहीं होगी. उन्होंने कहा कि लक्ष्य हमेशा बड़ा रखा जाता है, यह सही है कि हम उस लक्ष्य को प्राप्त करने में सफल नहीं हो पाए हैं, लेकिन हमारे उत्साह में कोई कमी नहीं है.
भाजपा के सक्रिय सदस्य बनने के प्रति लोगों में दिखा उत्साह
भाजपा के सदस्यता अभियान में सक्रिय सदस्य बनने के प्रति लोगों में उत्साह दिखा. पूरे प्रदेश में करीब 6 हजार सक्रिय सदस्य बनाए गए हैं. पार्टी ने सक्रिय सदस्य बनने के लिए योग्यता निर्धारित की है, जिसके तहत 50 सामान्य सदस्य बनाने वाले ही सक्रिय सदस्य बन सकते हैं.