नई दिल्ली: पांच बार की इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) चैंपियन मुंबई इंडियंस ने महेला जयवर्धने को आईपीएल 2025 के लिए मुख्य कोच नियुक्त किया है. पूर्व श्रीलंकाई क्रिकेटर दो साल के अंतराल के बाद इस फ्रेंचाइजी में वापस लौटे रहे हैं. वह दक्षिण अफ्रीका के मार्क बाउचर की जगह लेंगे, जो 2022 और 2023 में टीम के मुख्य कोच थे.
जयवर्धने 5 साल तक मुंबई इंडियंस मुख्य कोच रह चुके है
जयवर्धने इससे पहले 2017 से 2022 तक मुंबई इंडियंस मुख्य कोच रहे थे. लेकिन 2022 में उन्हें मुंबई फ्रेंचाइजी के दूसरे लीगों में वैश्विक विस्तार के कारण एमआई का ग्लोबल हेड बनाया गया था. जहां उन्होंने विभिन्न लीगों में एमआई की वैश्विक टीमों - एमआई (महिला प्रीमियर लीग), एमआई न्यूयॉर्क (मेजर लीग क्रिकेट) और एमआई एमिरेट्स (इंटरनेशनल लीग टी20) के विस्तार का प्रबंधन किया, कोचिंग स्टाफ के साथ काम किया और प्रत्येक को एक ट्रॉफी दिलाई.
एमआई के मालिक आकाश अंबानी जयवर्धने की वापसी से खुश
जयवर्धने की नियुक्ति का ऐलान करते हुए, मुंबई इंडियंस (MI) फ्रेंचाइजी के मालिक आकाश अंबानी ने कहा, 'हम महेला को मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच के रूप में वापस पाकर बहुत उत्साहित हैं. हमारी अन्य टीमें भी अब अपने पांव जमा चुकी हैं और यह माहेला को वापस लाने का सही समय है.' उनके नेतृत्व और ज्ञान से मुंबई इंडियंस को हमेशा लाभ मिला है. हम इस मौक़े पर बाउचर को भी उनके योगदान पर धन्यवाद देना चाहूंगा और अब वे MI परिवार का एक अभिन्न सदस्य बन गए हैं.'