सुलतानपुर: लोकसभा चुनाव का सियासी पारा लगातार चढ़ता जा रहा है. सुलतानपुर सीट से मौजूदा सांसद भाजपा के वरुण गांधी हैं लेकिन इस बार उनकी मां मेनका गांधी चुनावी मैदान में हैं. दूसरी ओर कांग्रेस ने डॉ. संजय सिंह को मैदान में उतारा है. मामला यहां दिलचस्प हो जाता है क्योंकि इस बार कांग्रेस प्रत्याशी के लिए प्रचार करने मेनका गांधी की भतीजी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी खुद सुलतानपुर आ रही हैं. ऐसा पहली बार हो रहा है जब प्रियंका मेनका गांधी के विरोध में प्रचार करेंगी.
दरअसल, गुरुवार को प्रियंका गांधी अपनी चाची मेनका गांधी के खिलाफ रोड शो करेंगी. राज्यसभा सांसद संजय सिंह के पक्ष में मतदान की अपील करेंगी. राजनीतिक विश्लेषक इसे अल्पसंख्यकों के वोट को अपनी तरफ खींचने की कवायद के तौर पर देख रहे हैं. वहीं प्रियंका गांधी का चाची मेनका के विरोध में रोड शो रणनीतिक तौर पर भी काफी अहम माना जा रहा है.
बताते चलें कि 2014 के लोकसभा चुनाव में वरुण गांधी को यहां से जीत मिली थी, जबकि बसपा के पवन पांडे दूसरे स्थान पर और सपा के शकील अहमद तीसरे स्थान पर रहे थे. वहीं कांग्रेस ने अमिता सिंह को प्रत्याशी बनाया था जो करीब 42 हजार वोट के साथ चौथे स्थान पर रही थीं. ऐसे में प्रियंका का रोड शो कांग्रेस प्रत्याशी को संजीवनी दे पाएगा ये देखना भी दिलचस्प होगा.
मेनका गांधी पर प्रियंका के इस राजनीतिक प्रहार को लेकर कांग्रेस के लोकसभा कोऑर्डिनेटर अमित श्रीवास्तव कहते हैं कि प्रियंका गांधी के लिए कांग्रेस ही उनका परिवार है. कांग्रेस के सदस्यों को ही वह अपने घर का सदस्य समझती हैं. वहीं वरुण गांधी और प्रियंका गांधी के अच्छे संबंधों के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत मामला है. पारिवारिक संबंधों और राजनीति को एकसाथ जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए.