लखनऊः तेजी से हो रहा मौसम परिवर्तन मुजफ्फरनगरवालों को खूब कपकपा रहा है. गुरुवार को यूपी का सबसे सर्द जिला मुजफ्फरनगर रहा. यहां अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 8 डिग्री कम था. जबकि न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम था.
राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में चल रही बर्फीली हवाओं ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया है. पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी का असर उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है.
![मौसम केंद्र, लखनऊ](https://etvbharatimages.akamaized.net/etvbharat/prod-images/up-luc-01-weather-update-photo-up10071_18122020095541_1812f_00230_218.jpg)
हवाओं ने बढ़ायी लोगों की मुश्किलें
दिन भर चल रही तेज हवायें लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर रही हैं. दिन में धूप निकलने के बावजूद तेज बर्फीली हवाओं ने दोपहर में भी लोगों को ठंडक का अहसास कराया. बर्फीली हवाओं का असर राजमार्गों पर भी पड़ा है. सुबह और शाम के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है. गुरुवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री कम था. वहीं अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री कम था. शुक्रवार को लखनऊ में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जतायी गयी है.
वैज्ञानिकों के मुताबिक अभी और सतायेगी ठंड
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर जेपी गुप्ता के मुताबिक पहाड़ों पर हो रही लगातार बर्फबारी से उत्तर प्रदेश में बर्फीली हवा चल रही है. आने वाले समय में भी अभी बर्फीली हवायें चलती रहेंगी. जिससे तापमान में और भी गिरावट हो सकती है. यानि प्रदेशवासियों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ सकता है. शुक्रवार को राजधानी लखनऊ सहित आसपास के इलाकों में मौसम साफ रहेगा. लेकिन बर्फीली हवाएं दिन भर चलती रहेंगी, जिससे दोपहर में भी ठंडक बनी रहेगी. उत्तर प्रदेश के अधिकतर जिलों में सामान्य तापमान में कमी दर्ज की जा रही है. गुरुवार को लखनऊ में जहां 4 डिग्री, कानपुर में 4 डिग्री, वाराणसी में 3 डिग्री, मेरठ में 8 डिग्री तथा मुजफ्फरनगर में 8 डिग्री, आगरा में 5 डिग्री, बांदा में 3 डिग्री कम तापमान रिकॉर्ड किया गया.
जानिए शुक्रवार को अपने शहर का अनुमानित तापमान
शहर | न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस) | अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस) |
लखनऊ | 08.00 | 23.00 |
कानपुर | 06.00 | 19.00 |
मुजफ्फरनगर | 04.00 | 17.00 |
वाराणसी | 06.00 | 22.00 |
गोरखपुर | 07.00 | 20.00 |
आगरा | 05.00 | 18.00 |
अलीगढ़ | 05.00 | 16.00 |
मेरठ | 04.00 | 17.00 |
झांसी | 05.00 | 20.00 |
प्रयागराज | 07.00 | 23.00 |