सिवनी। सिवनी में किसानों की मेहनत पर अतिवृष्टि ने पानी फेर दिया. खेतों में खड़ी फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई. अपर कलेक्टर सिवनी ने खेतों में पहुंचकर बर्बाद हुई फसलों का जायजा लिया. अतिवृष्टि, बाढ़ और तूफान से बर्बाद हुई फसलों के निरीक्षण के लिए कलेक्टर फटिंग राहुल हरिदास ने अधिकारियों को आदेश दिया है. प्रशासनिक अमले ने गांव-गांव में जाकर किसानों के खेतों में हुई फसलों की क्षति का आकलन किया.

अपर कलेक्टर मूलचंद वर्मा ने बंडोल वृत के गांव जमुनिया बाकी, लामटा, बखारी, सागर के गांवों में किसानों के बीच जाकर उन्हें सांत्वना दी. साथ ही पटवारी द्वारा किए गए सर्वेक्षण की जानकारी ली. अपर कलेक्टर ने खेतों का निरीक्षण करने के बाद माना कि, जिले के अधिकांश गांवों में मक्के की फसलों की क्षति 60 से 80 फीसदी से अधिक हुई है, जिसको लेकर उन्होंने किसानों से चर्चा की और सर्वे के बारे में किसानों से जानकारी प्राप्त की.